होमगार्ड परीक्षा देने जा रहे शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, 3 माह की मासूम के सिर से उठा पिता का साया

 

चंदौली के धानापुर निवासी शिक्षक कौशल यादव की जौनपुर जाते समय गाजीपुर के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पिछले साल ही वैवाहिक बंधन में बंधे कौशल अपने पीछे तीन माह की दुधमुंही बच्ची छोड़ गए हैं।

 
 

निजी विद्यालय के शिक्षक की सड़क दुर्घटना

होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रहे थे कौशल

अज्ञात वाहन की टक्कर से सिर में चोट

वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत

एक साल पहले हुआ था शिक्षक का विवाह

होमगार्ड्स की परीक्षा देने जा रहे शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, मासूम बच्ची के सिर से उठा पिता का साया, घर में मचा कोहराम

 चंदौली जनपद अंतर्गत धानापुर थाना क्षेत्र के बसगांवा गांव में उस समय मातम पसर गया, जब ग्रामीणों को क्षेत्र के होनहार युवा शिक्षक कौशल यादव (30) के असामयिक निधन की सूचना मिली। कौशल यादव जौनपुर में आयोजित होमगार्ड्स की परीक्षा देने जा रहे थे, तभी रास्ते में एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी जान चली गई।

गाजीपुर के पास हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार, बसगांवा निवासी लालबहादुर यादव के पुत्र कौशल यादव कमालपुर के एक निजी विद्यालय में शिक्षक थे। रविवार को वे अपनी बाइक से जौनपुर के लिए निकले थे। जब वे गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र से आगे बढ़ रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कौशल के सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल वाराणसी ले जाया गया, जहाँ नाजुक हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। यहाँ इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

पीछे छोड़ गए 3 माह की मासूम
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि कौशल यादव का विवाह पिछले वर्ष ही हुआ था। घर में खुशियां अभी परवान ही चढ़ी थीं कि काल के क्रूर प्रहार ने सब कुछ उजाड़ दिया। कौशल अपने पीछे अपनी पत्नी और मात्र तीन महीने की दुधमुंही बच्ची को छोड़ गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पिता लालबहादुर यादव और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता की जाए और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।