छत पर झाड़ू लगाते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आकर कंचनमो तोड़ा दम, बचाने में देवर-देवरानी भी झुलसे
चंदौली के बलुआ क्षेत्र में बुधवार को छत पर काम करते समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 28 वर्षीय कंचन यादव की दर्दनाक मौत हो गई। बचाने दौड़े देवर और देवरानी भी बुरी तरह झुलस गए। पूरी खबर पढ़ें।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई विवाहिता
सरिया हटाने के दौरान दौड़ा तेज करंट
बचाने दौड़े देवर और देवरानी झुलसे
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा साया
बलुआ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजा
चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मारूफपुर चकबूलन गांव में बुधवार को एक बेहद ही दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ रहने वाले पप्पू यादव की 28 वर्षीय पुत्रवधू कंचन यादव (पत्नी मनोज यादव) अपने पक्के मकान की छत पर झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान छत पर रखी करीब पांच फीट लंबी लोहे की सरिया को हटाते समय उनका ध्यान ऊपर से गुजर रही मौत की बिजली लाइन पर नहीं गया।
सरिया में उतरा मौत का करंट, मौके पर गई जान
कंचन जैसे ही सरिया उठाने लगीं, वह छत के ठीक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गई। बिजली की तार से टच होते ही लोहे की सरिया में बेहद तेज करंट दौड़ गया और कंचन उसकी चपेट में आ गईं। करंट का झटका इतना जोरदार था कि कंचन यादव ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।
बचाने दौड़े देवर-देवरानी भी बुरी तरह झुलसे
छत से अचानक तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर कंचन को बचाने के लिए उनकी देवरानी सपना और देवर संदीप यादव आनन-फानन में ऊपर दौड़े। कंचन को छुड़ाने की कोशिश में दोनों भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। शोर सुनकर इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने सूझबूझ से किसी तरह बिजली सप्लाई से उन्हें अलग किया और तत्काल घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
घर में पसरा मातम, दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया
कंचन यादव की असमय मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया है। मृतका अपने पीछे पांच साल के बेटे आंशिक और तीन साल के बेटे किशन को छोड़ गई हैं, जिनका अपनी मां के बिना रो-रोकर बुरा हाल है। ससुर पप्पू यादव, सास सुशीला देवी और पति मनोज यादव सहित पूरे गांव में मातम का माहौल है। बलुआ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।