घर में चोरी करते रंगेहाथ पकड़ा गया चोर, पुलिस पूछताछ में जुटी
 

चोर को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो ग्रामीण आरोपी को पुलिस के हवाले करने में आनाकानी करने लगे।
 

सकलडीहा कोतवाली इलाके का मामला

जानिए कैसे गांव वालों ने पकड़ लिया चोर

राजू व संदीप मिलकर करते हैं चोरी का काम

चंदौली जिले के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के तुलसी आश्रम गांव में रविवार को एक चोर को ग्रामीणों ने घर में चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसे खंभे से बांधकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

तुलसी आश्रम गांव में देर रात दो से तीन चोर एक घर में घुस गए। आहट सुनकर गृहस्वामी की नींद खुल गई, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर दो चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले, लेकिन एक चोर को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।

ग्रामीणों ने पकड़े गए चोर की तलाशी ली, तो उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ करने पर उसने बताया कि ये दोनों मोबाइल उसी रात दुबौलिया गांव में एक घर से चुराए गए थे। चोर ने यह भी स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ नरसिंह प्रजापति के घर से भी मोबाइल चुराए थे।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
चोर को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो ग्रामीण आरोपी को पुलिस के हवाले करने में आनाकानी करने लगे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर आरोपी को हिरासत में लिया और उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई।

पुलिस के पूछताछ में पकड़े गए चोर ने अपना नाम राजू और पता सैयदराजा बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह मुगलसराय के एक व्यक्ति, जिसका नाम संदीप है, के संपर्क में आकर चोरी की घटना को अंजाम दे रहा था। राजू ने बताया कि उसकी मुलाकात संदीप से मुगलसराय में मजदूरी करते समय हुई थी और यह उसकी पहली चोरी की घटना थी।

थानाध्यक्ष ने दिया गिरफ्तारी का आश्वासन
इस संबंध में सकलडीहा थाना अध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए चोर से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही उसके बाकी साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा करेगी।