अलीनगर पुलिस ने टरकाया तो न्याय के लिए समाधान दिवस में SP के पास पहुंची प्रेमिका, प्रेमी को खिला चुकी है जेल की हवा

चंदौली के अलीनगर में एक युवक के तिलक समारोह के दौरान उसकी प्रेमिका ने पहुंचकर हंगामा कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि प्रेमी ने 5 साल तक शोषण किया और अब दूसरी शादी कर रहा है, जिसके बाद उसने एसपी से न्याय की गुहार लगाई।

 

शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप

तिलक समारोह में पहुंची पीड़ित प्रेमिका

समाधान दिवस में एसपी से लगाई गुहार

अलीनगर थाना पुलिस पर धमकाने का आरोप

आरोपी प्रेमी पहले भी जा चुका है जेल

चंदौली जिले में अलीनगर पुलिस से मदद न मिलने पर एक पीड़िता ने सकलडीहा समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के सामने पेश होकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि उसके प्रेमी अंकित सिंह ने शादी का झांसा देकर पिछले 5 वर्षों तक उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया। दोनों एक साथ काम करते थे और उसी दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। पीड़िता के अनुसार, जनवरी 2024 में मऊ के एक राम मंदिर में दोनों ने शादी भी की थी। लेकिन बाद में आरोपी ने उसे साथ रखने से मना कर दिया।

तिलक समारोह में हुआ जमकर हंगामा
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी प्रेमी अब 5 मई को दूसरी शादी करने जा रहा है। इसी सिलसिले में 1 मई को अलीनगर के ग्रीन पार्क होटल में तिलक समारोह आयोजित किया गया था। जब पीड़िता को इसकी भनक लगी, तो उसने डायल 112 पर सूचना दी और मौके पर पहुंचकर कार्यक्रम रुकवाने की मांग की। पीड़िता ने अलीनगर थाना प्रभारी (SHO) पर आरोप लगाया कि उन्होंने उसकी मदद करने के बजाय उसे धमकाया। साथ ही आरोपी पक्ष द्वारा उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उसने प्रशासन से इस अवैध शादी को रुकवाने और सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस जांच में सामने आया दूसरा पहलू
इस पूरे मामले में अलीनगर पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक अलग ही कहानी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, युवती पहले ही मऊ जिले में अंकित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा चुकी है, जिसके बाद आरोपी युवक जेल जा चुका था। जेल से छूटने के बाद अब उसका विवाह दूसरी जगह तय हुआ था।

अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि युवती की मांग पर उसे होने वाली दुल्हन के पिता से मिलवाया गया था। इसके अलावा युवती को उसकी इच्छा के अनुसार चंदौली-वाराणसी बॉर्डर तक सुरक्षित छुड़वाया गया था। फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।