कंपोजिट विद्यालय हृदयपुर के वीरेंद्र सिंह यादव को शिक्षक पुरस्कार मिलने पर बधाई
उपजिलाधिकारी ने लिया था इस विद्यालय को गोद
पिछले साल भी इसी स्कूल के शिक्षक को मिला था पुरस्कार
एक बार फिर विद्यालय के शिक्षक को मिला सम्मान
चंदौली जिले के चहनिया विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय हृदयपुर में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत वीरेंद्र सिंह यादव को राज्य शिक्षक पुरस्कार 2022 मिलने पर शिक्षकों में हर्ष की लहर व्याप्त हो गई।
ज्ञात हो कि वीरेंद्र सिंह यादव की प्रथम नियुक्ति 1997 में सहायक अध्यापक के पद पर हुई तत्पश्चात् विभिन्न पदों पर काम करते हुए कंपोजिट विद्यालय हृदयपुर में वर्ष 2013 में कार्यभार ग्रहण किया। नवीन विद्यालय होने के नाते विद्यालय में कक्षा 6 में नव प्रवेशी बच्चों का नामांकन तथा विद्यालय के भौतिक परिवेश को सजाने संवारने और सुधारने में आपने पूरा परिश्रम किया।
इनकी और इनके साथी शिक्षकों की मेहनत का परिणाम रहा कि 11 वर्षों में विद्यालय में छात्र संख्या 7 से बढ़कर के 200 हो गई।
विद्यालय में लगभग 15 लाख रुपए की छात्रवृत्ति बच्चे प्राप्त कर रहे हैं। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में लगातार 2 वर्ष से चंदौली जनपद में बच्चों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रधानमंत्री यंग अचीवर स्कॉलरशिप में विद्यालय की उत्तीर्ण छात्रों ने इस परीक्षा को उत्तीर्ण किया है। विद्यालय में भौतिक आवरण को दुरुस्त करना, लैपटॉप की व्यवस्था करना, प्रिंटर की व्यवस्था करना ,स्मार्ट बोर्ड की व्यवस्था करना ,सामुदायिक सहयोग से कायाकल्प के काम को पूरा करना, ऐसे बहुत सारे कायाकल्प के कार्य शैक्षणिक विकास के काम आपके द्वारा संपन्न किया गया।
विद्यालय में बच्चों को पढ़ने हेतु पुस्तकों की व्यवस्था करना तथा उनको पढ़ने के लिए शिक्षकों को निर्देशित करना और विद्यालय समय के पश्चात् भी दो से तीन घंटे रुक करके उनका सहयोग तथा मूल्यांकन करना उनकी उपलब्धि है।
उप जिलाधिकारी सकलडीहा आदरणीय मनोज कुमार पाठक ने उनकी इस उपलब्धि पर उनको बधाई देते हुए कहा की पिछले वर्ष इन्हीं के विद्यालय से नंदकुमार शर्मा को राज्य शिक्षक पुरस्कार 2021 प्रदान किया गया था। उस समय मैंने उसे विद्यालय को गोद लिया था और आज उसका परिणाम सुखद रहा कि मेरे द्वारा गोद लिए विद्यालय के शिक्षक को प्रदेश सरकार ने राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया यह हमारे तहसील के लिए गौरव का विषय है।