देवकली गांव जाने वाली सड़क बदहाल, ग्रामीणों ने की सड़क मरम्मत की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत में देरी से आने वाले महीनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
 

कमालपुर से देवकली मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे

बारिश का पानी भरने से आवागमन हुआ जोखिम भरा

सड़क पर आए दिन फिसलकर गिर रहे राहगीर

ग्रामीणों ने चेताया – मरम्मत न होने पर होगा आंदोलन

चंदौली जिले के कमालपुर से देवकली गांव होकर लगभग 10 गांवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की हालत बेहद दयनीय हो चुकी है। जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों में बरसात का पानी भर जाने से आवागमन मुश्किल हो गया है। पैदल चलना तक जोखिम भरा हो गया है और आए दिन राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

सड़क पर भरे गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा

ग्रामीण उजागीर सिंह, विनोद सिंह, ग्राम प्रधान हनुमान बिन्द और बेचई यादव का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे अब जानलेवा साबित हो रहे हैं। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के साथ गर्भवती महिलाओं के लिए यह रास्ता सबसे ज्यादा परेशानी का सबब बन गया है।
दो साल पहले हुई थी मरम्मत, घटिया गुणवत्ता का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क दो साल पहले लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा मरम्मत कराई गई थी, लेकिन निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी की गई। इसके कारण कुछ ही महीनों में सड़क टूटने लगी और अब पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है।
ग्रामीणों की प्रशासन से गुहार

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में गड्ढों में भरा पानी और कीचड़ लोगों की जान जोखिम में डाल रहा है।
PWD का जवाब – बरसात के बाद शुरू होगा कार्य

इस संबंध में PWD के अवर अभियंता अमरदेव ने बताया कि सड़क के नवीनीकरण का प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया है। जैसे ही धनराशि उपलब्ध होगी, बरसात के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत में देरी से आने वाले महीनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।