धानापुर के खड़ान गांव के पास 2 बाइक की आमने-सामने भीषण टक्कर, एक युवक की मौत और 2 गंभीर रूप से घायल

 

चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक 26 साल के युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

 
 

धानापुर में भीषण सड़क हादसा

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर

हादसे में एक युवक की मौत

दो घायल अस्पताल में भर्ती

पुलिस मामले की जांच में जुटी

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खड़ान गांव के पास रविवार दोपहर को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ दो बाइकों के बीच आमने-सामने से इतनी जोरदार भिड़ंत हुई कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर लगते ही घटना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
चश्मदीदों के मुताबिक, दोनों ही मोटरसाइकिलें काफी तेज रफ्तार में आ रही थीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइकों पर सवार तीनों युवक उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे और लूल-हान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।

इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
घटना की जानकारी मिलते ही धानापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गांव वालों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत पास के अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान जमुख़ा गांव के रहने वाले 26 साल के मारकंडेय सिंह (पुत्र अमित सिंह) ने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल सहेपुर (थाना बलुआ) निवासी अरविंद (पुत्र छोटू) और दूसरे अरविंद (पुत्र स्वर्गीय महेंद्र) का इलाज अभी जारी है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच
हादसे के बाद धानापुर पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे मामले को लेकर धानापुर थाना प्रभारी सत्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम घटना की पूरी बारीकी से जांच कर रही है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।