धानापुर में ईंट भट्टा संचालकों से 13 लाख की ठगी: मजदूर सप्लाई के नाम पर पैसे लेकर ठग फरार
धानापुर में लेबर सप्लाई के नाम पर भट्टा संचालकों से 13.20 लाख रुपये की ठगी
बहराइच और बाराबंकी के दो ठगों पर केस
लाखों की ठगी के बाद असगर अली और सद्दाम फरार
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में ईंट भट्टा संचालकों को मजदूर सप्लाई के नाम पर बड़ा चूना लगाया गया है। अलग-अलग गांवों के भट्टा संचालकों से गैर-जनपदीय दो ठगों ने कुल 13.20 लाख रुपये की ठगी की है। ठगी के शिकार हुए भट्टा संचालकों ने स्थानीय थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। ठगी करने वाले दो आरोपियों में बहराइच के हरजी गांव का असगर अली और बाराबंकी के हुज्जा जी पूर्वी-2 का सद्दाम शामिल हैं।
एडवांस लेने के बाद लेबर नहीं भेजे
भट्टा संचालकों का आरोप है कि असगर अली और सद्दाम ने इसी वर्ष जुलाई माह में बुग्गी, पथेरा, बोझवा व निकासी हेतु लेबर सप्लाई देने के नाम पर उनसे एडवांस में अलग-अलग राशियाँ ली थीं। ईंट उद्योग हिंगुतरगढ़ के सुमित सिंह से 1.10 लाख से लेकर आरिफ खान से 2.75 लाख रुपये तक, कुल सात संचालकों से 13 लाख 20 हजार रुपये लिए गए थे। मजदूरों की सप्लाई 10 अक्टूबर तक होनी थी, लेकिन जब लेबर नहीं पहुंचे तो संचालकों ने दोनों की तलाश शुरू कर दी।
आरोपी गांव से परिवार सहित फरार
परेशान भट्टा संचालक जब आरोपियों के आधार कार्ड और स्टॉम्प पेपर पर दर्ज एग्रीमेंट के पते के अनुरूप उनके गांव पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि असगर अली और सद्दाम दोनों ही कुछ माह पहले अपना घर छोड़कर परिवार सहित अन्यत्र चले गए हैं। दोनों के मोबाइल नंबर भी लगातार स्विच ऑफ आ रहे हैं।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि 13.20 लाख की ठगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।