गांवों में स्वच्छता अभियान की खुली पोल, लोकार्पण के 6 साल बाद भी बंद पड़ा है डबरिहा का सामुदायिक शौचालय
चंदौली के धानापुर ब्लॉक के डबरिहा गांव में 6 साल पहले विधायक द्वारा उद्घाटित सामुदायिक शौचालय आज तक चालू नहीं हो सका। पानी और टंकी के बिना सफेद हाथी बनी इस सरकारी इमारत की ग्राउंड रिपोर्ट।
लोकार्पण के छह साल बाद भी शौचालय बंद
सैयदराजा विधायक ने किया था भव्य उद्घाटन
टंकी और पानी की व्यवस्था आज तक अधूरी
स्वच्छ भारत अभियान के दावों की खुली पोल
बीडीओ अमित कुमार ने दिए जांच के आदेश
चंदौली जिले में स्वच्छ भारत अभियान को किस तरह पलीता लगाया जा रहा है, इसकी एक बानगी धानापुर विकासखंड क्षेत्र में देखने को मिली है। यहां के डबरिहा गांव में साधन सहकारी समिति के पास बने सामुदायिक शौचालय का लोकार्पण हुए करीब छह वर्ष बीत चुके हैं। इसके बावजूद आज तक इस शौचालय का ताला आम जनता के लिए नहीं खुल सका है, जिससे ग्रामीणों में स्थानीय प्रशासन और ग्राम प्रधान के खिलाफ भारी नाराजगी व्याप्त है।
विधायक ने किया था लोकार्पण, टंकी और पानी का काम आज भी अधूरा
ग्रामीण संत दयाल यादव, चंद्रशेखर प्रसाद और घनश्याम कुमार ने बताया कि साधन सहकारी समिति के पास बने इस सामुदायिक शौचालय का निर्माण लगभग छह वर्ष पहले कराया गया था। बड़े ही जोर-शोर के साथ सैयदराजा विधायक द्वारा इसका लोकार्पण भी किया गया था। लेकिन लोकार्पण की औपचारिकता पूरी होने के बाद जिम्मेदार इसे पूरी तरह भूल गए। शौचालय में आज तक न तो पानी की टंकी रखी गई और न ही पानी की सप्लाई की कोई व्यवस्था की गई।
सरकारी दावों की खुली पोल, ग्रामीणों ने उठाई जांच की मांग
ग्रामीणों का साफ आरोप है कि सरकार एक तरफ जहां देश और प्रदेश में स्वच्छ भारत अभियान को बढ़ावा देने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं डबरिहा गांव का यह बदहाल सामुदायिक शौचालय व्यवस्था की पोल खोल रहा है। अधूरे निर्माण के कारण करोड़ों की लागत से बनी यह इमारत सिर्फ एक ढांचा बनकर रह गई है और लोग खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से इस मामले की जांच कराकर जल्द से जल्द शौचालय चालू कराने की मांग की है।
बीडीओ साहब को पता ही नहीं, अब जांच कराने का दिया आश्वासन
इस पूरे गंभीर मामले पर जब धानापुर के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अमित कुमार से बात की गई तो उनकी प्रतिक्रिया भी हैरान करने वाली थी। बीडीओ अमित कुमार ने कहा कि यह पूरा मामला अब तक उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस प्रकरण की तत्काल प्रभाव से जांच कराई जाएगी और जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर कराकर जल्द से जल्द शौचालय को ग्रामीणों के उपयोग के लिए चालू कराने का प्रयास किया जाएगा।