धानापुर के कुसुम्ही में बड़ा हादसा: दशमी पोखरे में डूबा 12 वर्षीय किशन, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र के कुसुम्ही स्थित दशमी पोखरे में रविवार दोपहर नहाते समय 12 वर्षीय मासूम गहरे पानी में डूब गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चंदौली पोखरे में डूबने से बालक की मौत
धानापुर थाना क्षेत्र के कुसुम्ही में हादसा
दशमी पोखरे में नहाते वक्त हुआ हादसा
12 वर्षीय किशन की पोखरे में मौत
जिला अस्पताल भेजा गया बच्चे का शव
चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुम्ही गांव स्थित दशमी पोखरे में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां स्नान करने के दौरान 12 वर्षीय एक किशोर गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार और कोहराम मच गया।
ममेरे भाई के साथ गया था पोखरे
मृतक बालक की पहचान 12 वर्षीय किशन पुत्र शिव वचन के रूप में हुई है, जो कसबा धानापुर के दक्षिण ब्लॉक बस्ती का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे किशन अपने ममेरे भाई रोहन के साथ दशमी पोखरे पर स्नान करने गया था। इसी दौरान नहाते-नहाते वह अनजाने में गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे की खबर मिलते ही धानापुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से किशोर को पोखरे से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में तत्काल धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
किशोर की मौत की खबर सुनते ही परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मासूम बेटे की असमय मौत के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।