धानापुर में सेवा संकल्प अभियान: 76 किसानों को मिले निःशुल्क बीज किट, 50% सब्सिडी पर बीजों की बुकिंग जारी
धानापुर में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत विधायक सुशील सिंह ने 76 किसानों को चना, मटर व सरसों के निःशुल्क बीज बांटे। उन्होंने धान-गेहूं के अलावा दलहन और तिलहन की खेती को बढ़ावा देने की अपील की। पूरी खबर पढ़ें।
धानापुर में 76 किसानों को मुफ्त बीज
विधायक सुशील सिंह ने बांटे बीज किट
दलहन और तिलहन खेती को बढ़ावा
बीजों पर 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध
कृषि पोर्टल पर तुरंत बुकिंग की अपील
चंदौली जिले के विकास खंड धानापुर परिसर स्थित सभागार में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह और खंड विकास अधिकारी की मौजूदगी में 76 किसानों को चना, मटर और सरसों के मिनी किट निःशुल्क वितरित किए गए। निःशुल्क बीज पाकर किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
धान-गेहूं के साथ दलहन-तिलहन उगाने की अपील
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने और खेत की मिट्टी को उपजाऊ बनाए रखने के लिए सिर्फ धान और गेहूं की पारंपरिक खेती पर निर्भर न रहें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की सोच है कि हर किसान नई तकनीक अपनाए और समय से अच्छे बीजों की बुआई करे। इसी उद्देश्य से यह मुफ्त बीज किट बांटे जा रहे हैं, ताकि जिले में दलहन और तिलहन का उत्पादन बढ़ सके।
50 फीसदी सब्सिडी वाले बीजों की बुकिंग जारी
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि शासन से जिले के लिए गेहूं के 48,120 पैकेट, चना के 1,538 पैकेट, मटर के 25 पैकेट और मसूर के 1,462 पैकेट का लक्ष्य मिला है, जो किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान (सब्सिडी) पर दिए जा रहे हैं। अब तक गेहूं की 80%, चना की 85%, मटर की 116% और मसूर की 50% बुकिंग पूरी हो चुकी है। जिन बीजों की बुकिंग बची है, उसके लिए किसान तुरंत agriculture.up.gov.in पोर्टल पर आवेदन करें।
कार्यक्रम में अधिकारियों और किसानों की रही मौजूदगी
मुफ्त बीजों का वितरण रमेश सिंह, विपिन कुमार सिंह, जय प्रकाश सिंह, कमला यादव, सूर्य प्रकाश, द्वारिका सिंह, बेचन, अजीत सिंह, आनंद प्रकाश और अवसार अहमद सहित कई किसानों में किया गया। इस दौरान कृषि विभाग से सहायक विकास अधिकारी (कृषि) राम विजय, हरेंद्र, संजय, जितेंद्र समेत बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।