संभल जाओ उपद्रवियों! धानापुर पुलिस ने बभनियांव गांव के आशुतोष और विजय पर कसा शिकंजा

 

चंदौली की धानापुर पुलिस ने 'ऑपरेशन वज्रपात' के तहत बड़ी कार्रवाई की है। गांव में मारपीट, गाली-गलौज और लोगों को धमकी देने के आरोप में पुलिस टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए हैं।

 
 

धानापुर पुलिस की बड़ी निरोधात्मक कार्रवाई

'ऑपरेशन वज्रपात' के तहत हुई गिरफ्तारी

मारपीट और धमकी देने वाले दबोचे

बभनियांव गांव के रहने वाले हैं आरोपी

आरोपियों का पुराना है आपराधिक इतिहास

वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) वैभव कृष्ण के निर्देश पर चंदौली जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में धानापुर थाना पुलिस ने "ऑपरेशन वज्रपात" के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस टीम ने इलाके में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले दो लोगों को दबोच लिया है।

मारपीट और धमकी देने वाले दो गिरफ्तार
धानापुर के प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणीलाल सेन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कामयाबी हासिल की। पुलिस ने बभनियांव गांव के रहने वाले 20 वर्षीय आशुतोष उर्फ इन्तजार (पुत्र कैलाश) और 25 वर्षीय विजय कुमार (पुत्र वंशराज) को गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर इलाके में लोगों के साथ मारपीट, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास
पकड़े गए आरोपियों का रवैया पहले से ही विवादित रहा है। पुलिस के मुताबिक, इनके खिलाफ धानापुर थाने में पहले से ही मुकदमा अपराध संख्या 85/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) और 352 का मामला दर्ज है। इसी के मद्देनजर पुलिस ने इस बार दोनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170/126/135 के तहत सख्त निरोधात्मक कार्रवाई की है।

मुस्तैद रही धानापुर पुलिस टीम
इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इस पूरे ऑपरेशन और गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणीलाल सेन के साथ उपनिरीक्षक (SI) विनोद यादव और उपनिरीक्षक (SI) बृजेश मिश्रा मुख्य रूप से शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में गुंडागर्दी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।