धानापुर पावर हाउस पर टेंडर कर्मी ने SDO से की मारपीट और गाली-गलौज, पुलिस से शिकायत

 

चंदौली के धानापुर पावर हाउस पर टेंडर कर्मी कंप्यूटर ऑपरेटर ने बिजली विभाग के एसडीओ के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। जान से मारने की धमकी मिलने के बाद अधिकारियों ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।

 
 

धानापुर 33/11 पावर हाउस पर विवाद

एसडीओ के साथ टेंडर कर्मी की मारपीट

कंप्यूटर ऑपरेटर पर जान से मारने की धमकी

कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर दी तहरीर

पुलिस जांच के बाद सख्त कार्रवाई का आश्वासन

चंदौली जिले के धानापुर स्थित 33/11 पावर हाउस पर रविवार को एक टेंडर कर्मी द्वारा बिजली विभाग के एसडीओ के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित एसडीओ ने आरोपी टेंडर कर्मी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। इस अप्रत्याशित घटना के बाद से बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है।

कैश काउंटर के कार्य से हटाने पर भड़का ऑपरेटर
एसडीओ सुधीर कुमार के मुताबिक धानापुर में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत टेंडर कर्मचारी शुभम सिंह ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। एसडीओ ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर कैश काउंटर बंद कराया गया था, जिसे बाद में भानु प्रताप सरल इंचार्ज द्वारा दोबारा शुरू कराया गया। शुभम सिंह को इस काम से हटा दिया गया था, जिससे वह काफी नाराज चल रहा था और इसी रंजिश में उसने मारपीट की।

दर्जनों कर्मचारियों संग थाने पहुंचे एसडीओ
घटना के बाद एसडीओ सुधीर कुमार, जेई घनश्याम प्रसाद और दर्जनों बिजली कर्मचारियों के साथ रविवार शाम को धानापुर थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने कर्मचारियों की तहरीर को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी ने कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन
इस संबंध में थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी के साथ मारपीट, गाली-गलौज या बदसलूकी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।