धानापुर में इसलिए ADM न्यायिक को सार्वजनिक रूप से मांगनी पड़ी माफी, प्रोटोकॉल की चूक पर जनप्रतिनिधियों का गुस्सा
धानापुर शहीद स्मारक पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में एडीएम के देरी से पहुंचने पर जमकर हंगामा हुआ। ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह के विरोध और डीएम-विधायक के हस्तक्षेप के बाद अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर माफी मांगी, तब जाकर मामला शांत हुआ।
धानापुर शहीद स्मारक पर प्रशासनिक लापरवाही
ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने दी चेतावनी
एडीएम न्यायिक ने मांगी सार्वजनिक माफी
डीएम और विधायक के हस्तक्षेप से शांति
चंदौली जिले के ऐतिहासिक धानापुर कस्बे स्थित शहीद स्मारक पर 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब तय प्रोटोकॉल के बाद भी एडीएम न्यायिक रतन वर्मा समय पर नहीं पहुंचे। इस बात से नाराज ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ धरने पर बैठने की चेतावनी दे दी।
प्रशासनिक अमले में खलबली, आनन-फानन में पहुंचे अधिकारी
धरने की चेतावनी मिलते ही प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। आनन-फानन में एडीएम न्यायिक रतन वर्मा, एसडीएम सकलडीहा आकांक्षा सिंह, तहसीलदार अनुराग सिंह सहित अन्य अधिकारी शहीद स्मारक पर पहुंचे। एडीएम न्यायिक रतन वर्मा ने बिना किसी देरी के अपनी गलती स्वीकार की और उपस्थित लोगों से माफी मांगी।
धानापुर की पावन माटी को नमन करना सौभाग्य: एडीएम
एडीएम ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम के प्रोटोकॉल की जानकारी समय से नहीं मिल पाई थी, जिसके कारण वह देर से पहुंचे। उन्होंने कहा कि धानापुर शहीदों की धरती है और इस पावन मिट्टी पर आकर शहीदों को नमन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। एडीएम के माफी मांगने के बाद मौके पर मौजूद लोगों का आक्रोश शांत हुआ।
डीएम और विधायक के हस्तक्षेप से सुलझा मामला
ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और विधायक सुशील सिंह के हस्तक्षेप से अधिकारियों को तुरंत भेजा गया। उन्होंने कहा कि हर साल तय प्रोटोकॉल के तहत कोई न कोई अधिकारी शहीद स्मारक आता रहा है, लेकिन इस बार सूचना की चूक से देरी हुई। एडीएम के क्षमा मांगने के बाद सभी लोग शांत हो गए।