धानापुर इलाके में ढोंगी ओझाओं का कारनामा: पति को होगी खून की उल्टी..और फिर मौत, डर दिखाकर विवाहिता के गहने ठगे
चंदौली के धानापुर में दो ओझाओं ने एक महिला को उसके पति की मौत का खौफ दिखाकर मंगलसूत्र और सोने का लॉकेट ठग लिया। ढोंगी ताबीज देकर चंपत हो गए। पुलिस सीसीटीवी की मदद से ठगों की तलाश में जुटी है।
धानापुर के नरौली गांव में ठगी
पति की मौत का डर दिखाकर गहने पार
शाम 5 बजे तक ताबीज न खोलने की शर्त
पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच
अनजान बाबाओं से सावधान रहने की अपील
चंदौली जिले के धानापुर ग्राम सभा स्थित नरौली गांव से ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो ढोंगी ओझाओं ने एक विवाहिता को उसके पति की जान का डर दिखाकर लाखों के गहने ठग लिए और मौके से रफूचक्कर हो गए। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में भारी चिंता और हड़कंप का माहौल है।
बातों के जाल में फंसाकर मनगढ़ंत कहानी गढ़ी
जानकारी के मुताबिक, नरौली गांव निवासी रविंद्र यादव की बेटी सोनम से गुरुवार को दो अनजान ओझा मिले। बातचीत के दौरान दोनों ने सोनम को अपने जाल में उलझा लिया। ओझाओं ने दावा किया कि उसके पति की ग्रह-दशा बेहद खराब चल रही है और जल्द ही उसे खून की उल्टी होगी, जिससे उसकी जान जा सकती है।
पति की सलामती के नाम पर ऐंठ लिए गहने
पति की मौत की बात सुनकर महिला बुरी तरह डर गई। सोनम को बदहवास देखकर ठगों ने मदद का नाटक रचा। उन्होंने पहले पूजा के नाम पर साड़ी और कुछ रुपये मांगे। इसके बाद पति की जान बचाने वाला ताबीज बनाने का झांसा देकर महिला का मंगलसूत्र और सोने का लॉकेट भी अपने कब्जे में ले लिया।
'शाम 5 बजे तक मत खोलना...' कहकर हुए फरार
गहने हासिल करने के बाद शातिर ठगों ने एक कागज की पुड़िया महिला को थमा दी, जिसमें नगीने की एक अंगूठी और ताबीज रखा था। ठगों ने हिदायत दी कि इसे शाम पांच बजे से पहले भूलकर भी मत खोलना, वरना पति को तुरंत खून की उल्टी होने लगेगी। इतना कहकर दोनों वहां से खिसक गए।
परिजनों ने शुरू की तलाश
ठगों के जाने के बाद जब महिला ने पूरे वाकये की जानकारी अपने परिवार वालों को दी, तो सब सन्न रह गए। परिजनों ने तुरंत दोनों ओझाओं की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक वे गांव से गायब हो चुके थे। इसके बाद मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
CCTV खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव मोड में आ गई है। पुलिस गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दोनों आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। निरीक्षक एस.एस. आदर्श ने बताया कि सूचना के आधार पर मामले की गहराई से जांच की जा रही है। वहीं थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी ढोंगी या अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं।