कार्तिक की बेरहमी से हत्या के मामले में हाथ पैर मार रही है पुलिस, जमीनी रंजिश और गाली-गलौज का एंगल
चंदौली के धीना क्षेत्र में लापता 6 वर्षीय मासूम कार्तिक की मौत हत्या निकली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए चौंकाने वाले खुलासे के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में मिला था शव
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई बेरहमी से हत्या की पुष्टि
पुलिस ने संदिग्ध किशोर को हिरासत में लिया
खेल-खेल में हुए विवाद के साथ जमीनी रंजिश का एंगल
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने दी मामले की जानकारी
चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करजरा गांव में छह वर्षीय मासूम कार्तिक सिंह की मौत का मामला अब पूरी तरह से हत्या में तब्दील हो चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करजरा गांव निवासी कृष्णा सिंह का 6 वर्षीय पुत्र कार्तिक सिंह रविवार की सुबह करीब 10 बजे गांव के ही पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया और दोपहर तक घर नहीं लौटा। खोजबीन के दौरान विद्यालय परिसर से ही उसका शव बरामद हुआ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
शुरुआती जांच में बच्चे की मौत के कारणों को लेकर सस्पेंस बना हुआ था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस प्रशासन के पैरों तले जमीन खिसक गई। रिपोर्ट में यह साफ हो गया कि कार्तिक की मौत स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि उसकी बेहद बेरहमी से हत्या की गई थी।
इसके बाद धीना थाना पुलिस ने तुरंत एक्टिव होते हुए जांच की दिशा बदल दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक संदिग्ध किशोर को हिरासत में ले लिया है, जिससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
खेल का विवाद और जमीनी रंजिश का एंगल
इस सनसनीखेज मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए किशोर और मृतक बच्चे के बीच खेल के दौरान किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है।
आशंका है कि इसी झगड़े में किशोर ने कार्तिक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी जान चली गई। इसके साथ ही दोनों परिवारों के बीच पुराना जमीनी विवाद भी प्रकाश में आया है।
गाली-गलौज से भी जुड़े हैं मामले के तार
अपर पुलिस अधीक्षक ने यह भी साझा किया कि पूछताछ के दौरान एक और तथ्य सामने आया है, जिसके मुताबिक मृतक बच्चे की मां द्वारा पूर्व में आरोपी किशोर को लेकर गाली-गलौज की गई थी।
पुलिस अब इस रंजिश और आपसी विवाद के सभी कोणों को आपस में जोड़कर गहराई से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि किशोर से पूछताछ पूरी होने के बाद इस हत्याकांड का असली और पूरा सच बहुत जल्द सबके सामने आ जाएगा।