मुंबई से दो दिन पहले गांव लौटा था सुनील, बहुरिया नदी में पैर फिसलने से डूबा; घंटों तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

​​​​​​​

चंदौली के धीना थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रैथा गांव में बहुरिया नदी किनारे शौच के लिए गए 28 वर्षीय सुनील कुमार का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में डूब गया। एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई है।

 
 

धीना के रैथा गांव में दर्दनाक हादसा

बहुरिया नदी में डूबा 28 वर्षीय सुनील

3 घंटे तक ग्रामीणों ने की तलाश

मुंबई से बीमार होकर गांव लौटा था युवक

परिजनों की मांग पर NDRF टीम बुलाई गई

 चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत रैथा गांव स्थित बहुरिया नदी में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी 28 वर्षीय सुनील कुमार नदी में पैर फिसलने के कारण गहरे पानी में डूब गया। शाम करीब तीन बजे हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर धीना थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक नदी में उतरकर सुनील की खोजबीन की, लेकिन शाम छह बजे तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

तबीयत खराब होने पर मुंबई से दो दिन पहले आया था गांव
मृतक सुनील कुमार पुत्र मुंशी राम का घर बहुरिया नदी से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। वह अपनी बहन और बहनोई के साथ मुंबई में रहकर एक प्राइवेट नौकरी करता था। पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी, जिसके कारण वह मंगलवार को ही मुंबई से अपने गांव रैथा लौटा था। गुरुवार की शाम अचानक शौच की जरूरत महसूस होने पर वह घर के पास स्थित नदी किनारे गया था, जहां पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

पत्नी मुंबई में रहती हैं
सुनील की शादी करीब तीन साल पहले कैली गांव की रहने वाली सुनीता देवी से हुई थी। अभी उनकी कोई संतान नहीं है। पत्नी सुनीता फिलहाल अपनी ननद और बहनोई के साथ मुंबई में ही रहती हैं।

सुनील चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसके बड़े भाई पिंटू कुमार, दूसरे भाई सिंटू कुमार और छोटे भाई सत्य प्रकाश हैं। सत्य प्रकाश को छोड़कर बाकी सभी भाई-बहनों की शादी हो चुकी है। सुनील के माता-पिता बेहद गरीब हैं और झोपड़ी में रहकर अपना गुजर-बसर करते हैं। बेटे के हादसे की खबर सुनते ही मां मंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जिन्हें पड़ोस की महिलाएं ढांढस बंधा रही हैं।

संसाधनों के अभाव में परेशानी, NDRF की टीम बुलाई गई
घटना के बाद ग्रामीणों ने नदी की तरफ दौड़कर रस्सियों और उपलब्ध साधनों के सहारे पानी में उतरकर तलाश शुरू की। हालांकि संसाधनों की कमी के कारण ग्रामीणों को रेस्क्यू में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सफलता न मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस से एनडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग की।

मामले की पुष्टि करते हुए धीना थाना प्रभारी दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शाम करीब तीन बजे युवक के नदी में डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई है और एनडीआरएफ को सूचना दे दी गई है। ग्रामीणों ने काफी प्रयास किया, लेकिन अभी तक युवक का पता नहीं चल पाया है।