दिल्ली में नौकरी करने वाले पति की करतूत: चंदौली में 25 लाख न मिलने पर पत्नी को अस्पताल पहुंचाया, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
चंदौली में 25 लाख रुपये दहेज न देने पर विवाहिता की बेरहमी से पिटाई की गई। पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर सास-ससुर पर केस दर्ज किया है।
25 लाख दहेज के लिए विवाहिता की पिटाई
सकलडीहा पुलिस ने पति प्रिंस को पकड़ा
पीड़िता सौम्या जिला अस्पताल में भर्ती
ससुराल वालों ने छीना पीड़िता का मोबाइल
विसौरी के उपेंद्र सिंह ने दर्ज कराया केस
चंदौली जिले से दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के बढ़वलडीह गांव में 25 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर 23 वर्षीय विवाहिता सौम्या सिंह के साथ ससुराल वालों ने बेरहमी से मारपीट की। पीड़िता के पिता उपेंद्र सिंह के अनुसार, सौम्या का पति प्रिंस सिंह अपने माता-पिता के उकसावे पर मायके से खेत बेचकर 25 लाख रुपये लाने का लगातार दबाव बना रहा था। मना करने पर पीड़िता के साथ गंभीर मारपीट की जाती थी।
मोबाइल छीनकर किया प्रताड़ित, पुलिस ने कराया भर्ती
गुरुवार को ससुराल वालों ने सौम्या को बुरी तरह पीटा और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया ताकि वह किसी से मदद न मांग सके। इसके बावजूद पीड़िता ने किसी तरह अपनी मां को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता व उसकी मां को कोतवाली लेकर आई। सौम्या के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सकलडीहा सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
10 फरवरी को हुई थी शादी लेकिन पंचायत भी रही बेअसर
बिसौरी गांव निवासी उपेंद्र सिंह ने अपनी पुत्री सौम्या की शादी इसी साल 10 फरवरी को बढ़वलडीह निवासी परमानंद सिंह के बेटे प्रिंस से की थी। पिता ने अपनी क्षमतानुसार उपहार दिए थे। दिल्ली में नौकरी करने वाला प्रिंस शादी के बाद से ही पैसों की मांग कर रहा था। इस विवाद को सुलझाने के लिए करीब तीन महीने पहले पंचायत भी बुलाई गई थी। इसके बाद 9 नवंबर को पिता अपनी बेटी को ससुराल छोड़कर आए थे, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला बंद नहीं हुआ।
पति गिरफ्तार होने के साथ-साथ सास-ससुर के खिलाफ भी केस दर्ज
पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। सकलडीहा कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि मामले में आरोपी पति प्रिंस सिंह, ससुर परमानंद सिंह और सास राधिका सिंह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत चार धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी पति प्रिंस सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य कानूनी कागजी कार्रवाई में जुटी हुई है।