विद्युत विभाग की लापरवाही: जर्जर विद्युत पोल दे रहा दुर्घटना को दावत

पोल का कमजोर होना किसी भी समय जान-माल के नुकसान का कारण बन सकता है। खासकर भारी बारिश और तूफानी मौसम में यह खतरा और बढ़ जाता है।
 

बलुआ-महुअर मार्ग पर लोहे का जर्जर पोल चिंता का कारण

तेज हवा और तूफान में पोल गिरने का खतरा

विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार किया गया सूचित

अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं

चन्दौली जिले के चहनियां क्षेत्र के बलुआ-महुअर मार्ग पर पुल के पास स्थित 11,000 वोल्ट की विद्युत सप्लाई देने वाला लोहे का जर्जर पोल स्थानीय लोगों के लिए खतरे की घंटी बन गया है। तेज हवा और तूफान के दौरान यह पोल गिरने का खतरा लगातार बना रहता है, जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना घट सकती है।

आपको बता दें कि स्थानीय किसान दीपक यादव ने इस समस्या की जानकारी सांसद वीरेन्द्र सिंह और विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव को दी। प्रतिनिधियों ने इसे विद्युत विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाया, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद अब तक इस पोल को बदलने की कार्यवाही नहीं हुई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पोल का कमजोर होना किसी भी समय जान-माल के नुकसान का कारण बन सकता है। खासकर भारी बारिश और तूफानी मौसम में यह खतरा और बढ़ जाता है।

विद्युत विभाग के अधिकारियों से कई बार संपर्क के बावजूद इस जर्जर पोल को बदलने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

इस मामले में सुरक्षा के दृष्टिकोण से विशेषज्ञ भी चेतावनी दे रहे हैं कि जर्जर पोलों की समय पर मरम्मत या प्रतिस्थापन आवश्यक है, अन्यथा क्षेत्र में गंभीर हादसे होने की संभावना बनी रहेगी।