अहिकौरा गांव में मढ़ई में लगी भीषण आग, सिलेंडर फटने से चार लोग झुलसे

आग में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। पंखा, आलमारी, बेड, बक्सा, खाने की सामग्री, कपड़े और राशन सहित आलमारी में रखी नकदी भी जल गई।
 

धानापुर थाना क्षेत्र के अहिकौरा गांव में दोपहर मढ़ई में लगी आग

रसोई गैस सिलेंडर फटने से दहशत

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के अहिकौरा गांव में शुक्रवार दोपहर एक मढ़ई नुमा घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा रसोई गैस सिलेंडर भी फट गया।

आपको बता दें कि घटना में मुन्ना (50 वर्ष), कौशल खान (33 वर्ष), कमलेश राम (55 वर्ष) और दुर्गा मौर्या (15 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दो अन्य घायलों का इलाज क्षेत्र के निजी अस्पताल में चल रहा है।

आग में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। पंखा, आलमारी, बेड, बक्सा, खाने की सामग्री, कपड़े और राशन सहित आलमारी में रखी नकदी भी जल गई। आसपास के ग्रामीण धुआं देखकर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पीड़ित परिवार ने बताया कि आग से लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग और पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।