अगलगी में खाक हुई बेटी की शादी की गृहस्थी, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने शादी के दिन भरपूर मदद का किया वादा
धानापुर के नरौली गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग ने पत्तू निषाद की खुशियों को राख कर दिया। बेटी की शादी के लिए जुटाए गए सामान और नकदी जलने के बाद, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मौके पर पहुँचकर शादी का पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिया।
नरौली गांव में आग से भारी नुकसान
बेटी की शादी के गहने-नकदी खाक
मनोज सिंह डब्लू ने बंधाया ढांढस
12 मई को होने वाली शादी में मदद का वादा
प्रशासन से आर्थिक मुआवजे की मांग
चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र अंतर्गत नरौली गांव में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना घटी। गांव के निवासी पत्तू निषाद के घर में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। इस हादसे ने न केवल एक परिवार की छत छीनी, बल्कि उस पिता के अरमानों को भी राख कर दिया, जिसने अपनी बेटी की शादी के लिए तिनका-तिनका जोड़कर गृहस्थी जुटाई थी।
शादी की खुशियों पर आग का ग्रहण
मिली जानकारी के अनुसार, आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और सिलाई मशीन जलकर नष्ट हो गए। सबसे दुखद पहलू यह रहा कि 12 मई को होने वाली बेटी की शादी के लिए रखे गए उपहार और 20 हजार रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। ग्रामीणों के काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ बर्बाद हो चुका था। अपनी आंखों के सामने बिटिया का दहेज जलते देख परिवार दहाड़े मारकर रोने लगा।
पीड़ित परिवार के बीच पहुँचे मनोज सिंह डब्लू
घटना की सूचना मिलते ही सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू तत्काल नरौली गांव पहुँचे। उन्होंने जले हुए घर का मुआयना किया और पीड़ित पत्तू निषाद व उनकी बिलखती बेटी को ढांढस बंधाया। पूर्व विधायक ने मौके से ही प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्रीय लेखपाल को निर्देशित किया कि तत्काल नुकसान का सर्वे कर आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
मसीहा बनकर दिया शादी का वचन
दुख की इस घड़ी में संवेदनशीलता दिखाते हुए मनोज सिंह डब्लू ने घोषणा की कि वह 12 मई को बिटिया की शादी में स्वयं शामिल होंगे। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि आग में जो भी नुकसान हुआ है..चाहे वह नकदी हो या गृहस्थी का सामान..उसकी भरपाई वह खुद करेंगे। उन्होंने कहा, "बिटिया की शादी में कोई व्यवधान नहीं आने दिया जाएगा। यह परिवार अकेला नहीं है, मैं और मेरी पूरी टीम इस संकट में उनके साथ खड़ी है।" पूर्व विधायक के इस मानवीय कदम की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।