गाजीपुर-चोचकपुर घाट पर पीपा पुल हो चालू, चंदौली-गाजीपुर के बीच 65 किमी का चक्कर खत्म
गाजीपुर के चोचकपुर घाट पर गंगा नदी पर पांटून पुल चालू! अब चंदौली-गाजीपुर की 65 किमी की दूरी सिर्फ 30 किमी में तय होगी। समय और ईंधन की होगी बचत। यात्रियों को मिली बड़ी राहत, पूरी खबर पढ़ें।
पीपा पुल चालू होने से स्थानीय यात्रियों को मिलेगी राहत
धानापुर में गंगा नदी पर चोचकपुर पांटून पुल खुला
गाजीपुर-चंदौली के बीच आवाजाही हुई थोड़ी सी आसान
चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के नगवा गांव के सामने गाजीपुर जिले के चोचकपुर घाट पर गंगा नदी पर बना पांटून (पीपा) पुल आखिरकार सोमवार से आवागमन के लिए खोल दिया गया। लोक निर्माण विभाग ने तेजी से कार्य कर पुल को चालू किया, जिससे चंदौली और आसपास जिलों के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। कहा जा रहा है कि इससे स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके पहले लगने वाला 65 किमी का चक्कर अब घटकर 30 किमी हो जाएगा। हालांकि PWD ने तय समय से दो दिन बाद इस पीपा पुल को शुरू कराया है।
ग्रामीणों व यात्रियों के अनुसार, हर वर्ष 15 जून से 14 नवंबर तक बाढ़ और बारिश के कारण पीपा पुल हटा दिया जाता है, जिससे करीब पांच महीनों तक लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता था। धानापुर से गाजीपुर की 25 किमी की दूरी तय करने के लिए 65 किमी का लम्बा रूट चुनना मजबूरी हो जाता था। अब पुल चालू होने से यह दूरी घटकर लगभग 30 किमी रह गई है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
पूर्वांचल के चंदौली, गाजीपुर, बलिया, मऊ, देवरिया, गोरखपुर से लेकर बिहार तक जाने वाले यात्रियों को भी अब काफी सुविधा मिलेगी। पीपा पुल चालू होने के बाद नाव से नदी पार करने की परेशानी पूरी तरह खत्म हो गई है।
लोक निर्माण विभाग के जेई रामकुमार चौहान ने बताया कि जनता के हित को ध्यान में रखते हुए हर साल पुल को जल्द से जल्द चालू कराया जाता है। इस वर्ष 15 नवंबर तक इसे शुरू किया जाना था, लेकिन एक क्रूज पार कराने के कारण संचालन दो दिन देरी से शुरू हो सका। उन्होंने कहा कि अब पुल पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित है। यह पांटून पुल शुरू होने के साथ ही स्थानीय लोगों, किसानों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों की बड़ी समस्या दूर हो गई है।