जनहित की समस्याओं को लेकर कमालपुर में उठा जनआंदोलन, समाधान तक संघर्ष जारी
कमालपुर में पुलिया के पास जलनिकासी की विकट स्थिति
नई बाजार में अधूरी नाली सफाई की समस्या
ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह और बीडीओ विजय कुमार को सौंपा पत्रक
चंदौली जिले के कमालपुर में कई समस्याओं का समाधान करने की जरूरत है। स्थानीय जनता की वर्षों से चली आ रही बुनियादी समस्याओं को लेकर अब क्षेत्रीय लोग मुखर हो चुके हैं। वार्ड नं. 12 और नई बाजार की गंभीर समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह और बीडीओ विजय कुमार से मुलाकात कर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
वार्ड संख्या 12 में पुलिया के पास जलनिकासी की विकट स्थिति
कमालपुर बाजार के वार्ड नंबर 12 में पुलिया के पास बसे बिंद, माली, ठठेरा, मुस्लिम, यादव और कुम्हार समुदायों के घरों का गंदा पानी नाली के माध्यम से मुख्य नाले में जाता है। लेकिन पुलिया के पास लगातार नाली जाम होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहता है, जिससे वहां के निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों को नालियों के गंदे पानी से होकर आना-जाना पड़ता है, जिससे न सिर्फ बीमारियों का खतरा बढ़ा है, बल्कि आमजन का जीवन दूभर हो गया है।
नई बाजार में अधूरी नाली सफाई और मलबे से अवरुद्ध रास्ता
कमालपुर ग्राम सभा के नई बाजार इलाके में करीब एक महीने पहले नाली की सफाई का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन वह अधूरा छोड़ दिया गया। इस दौरान नाली की तली भी टूट चुकी है और खुदाई से निकला मलबा दुकानों के सामने अभी तक पड़ा हुआ है। बरसात के मौसम में यह मलबा पानी के साथ बहकर दुकानों व सड़कों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। दुकानदारों की बिक्री पर असर पड़ा है और राहगीरों को भी फिसलन व गंदगी से दो-चार होना पड़ रहा है।
अधिकारियों को सौंपा गया ज्ञापन
इस संबंध में ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह और बीडीओ विजय कुमार को समस्या से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है और संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इसके बारे में नीरज अग्रहरि ने बताया कि यदि जल्द समस्याओं का स्थायी हल नहीं निकला, तो जनहित में आंदोलन तेज किया जाएगा। जनता की आवाज अब रुकने वाली नहीं है — जब तक समाधान नहीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।