10 सालों से सफाई न होने से झाड़-झंखाड़ से पटी माइनर! जोगवा और नूरी माइनर में पानी के लिए तरस रहे किसान

धीना राजवाहा से निकली जोगवा और नूरी माइनर की सफाई न होने से सिंचाई का पानी खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है। टेल तक पानी न मिलने से धान की रोपाई अटक गई है और किसान परेशान हैं।

 

जोगवा और नूरी माइनर सूखी

10 सालों से नहीं हुई सफाई

टेल तक नहीं पहुंच रहा पानी

धान की रोपाई पर पड़ा असर

किसानों ने की तत्काल सफाई की मांग

चंदौली जिले के बरहनी विकासखंड क्षेत्र स्थित धीना राजवाहा से निकली जोगवा और नूरी माइनर में सिंचाई का पानी नहीं पहुंचने से किसान बेहद परेशान हैं। इस वक्त धान की रोपाई का मुख्य समय चल रहा है, लेकिन पानी के अभाव में कई किसानों के खेत पूरी तरह सूखे पड़े हैं। जोगवा माइनर सूखी पड़ी है, वहीं नूरी माइनर में गाद व झाड़-झंखाड़ जमा होने से पानी का बहाव रुक गया है।

10 वर्षों से नहीं हुई माइनर की सफाई
स्थानीय किसानों का आरोप है कि लंबे समय से माइनरों की सफाई नहीं कराई गई है। जोगवा के किसान बंटी दुबे ने बताया कि विगत 10 वर्षों से जोगवा से सेवखरी माइनर की सफाई नहीं हुई है। वहीं किसान दुर्गेश सिंह ने बताया कि नूरी माइनर पूरी तरह से झाड़-झंखाड़ से पटी हुई है। इसके चलते पानी बीच में ही अटक जाता है और माइनर के अंतिम छोर (टेल) तक नहीं पहुंच पाता।

किसान नेताओं ने विभाग पर उठाए सवाल
किसान नेता नन्हें खा (डेढ़गावा) और धनंजय सिंह ने कहा कि क्षेत्र की नहरों और माइनरों की समय पर सफाई न होने से किसानों की खेती चौपट हो रही है। विभाग की इस लापरवाही के कारण धान की रोपाई में देरी हो रही है, जिससे फसल उत्पादन घटने का खतरा मंडरा रहा है।

तत्काल पानी छोड़ने की मांग
बंटी दुबे, जयप्रकाश उपाध्याय, दुर्गेश सिंह, रविंद्र प्रताप सिंह और फकीर समेत कई किसानों ने सिंचाई विभाग से गुहार लगाई है। किसानों का कहना है कि वे कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। किसानों ने मांग की है कि जोगवा और नूरी माइनर की तुरंत सफाई कराकर पानी छोड़ा जाए, ताकि रोपाई का काम समय पर पूरा हो सके।