कमालपुर में चोरी की वारदातों से व्यापारियों में आक्रोश, जूते-चप्पल की दुकान का ताला तोड़कर दस जोड़ी सामान चोरी, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, खुलासा नहीं हुआ तो SP से मिलेंगे व्यापारी
कमालपुर में जूते-चप्पल की दुकान का ताला तोड़कर दस जोड़ी सामान चोरी, लगातार चोरी से व्यापारियों में आक्रोश, पुलिस पर सवाल, खुलासा नहीं हुआ तो SP से मिलेंगे व्यापारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष लालमनी पाल ने दी चेतावनी।
कमालपुर में चोरी की वारदातों से व्यापारियों में आक्रोश
जूते-चप्पल की दुकान का ताला तोड़कर दस जोड़ी सामान चोरी
पुलिस की कार्यप्रणाली पर व्यापारियों ने उठाए सवाल
चोरियों का खुलासा नहीं हुआ तो एसपी से मिलेंगे व्यापारी
धीना थाने में लगातार हो रही चोरी से दहशत
चंदौली जिले के कमालपुर कस्बे में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार की देर रात चोरों ने राजेश ठठेरा की जूते-चप्पल की दुकान का ताला तोड़कर करीब दस जोड़ी जूते-चप्पल चोरी कर लिए। हालांकि, कस्बे में लोगों की आवाजाही होने के कारण चोर अधिक सामान नहीं समेट सके और मौके से फरार हो गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
कैसे हुई चोरी?
जानकारी के अनुसार, कमालपुर निवासी कैलाश ठठेरा के पुत्र राजेश ठठेरा की कस्बे में जूते-चप्पल की दुकान है। मंगलवार की रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सामान समेटने लगे। इसी दौरान कस्बे के विभिन्न मैरिज लॉन में शादी-विवाह के आयोजन होने से लोगों का आवागमन जारी था। लोगों की आहट पाकर चोर करीब दस जोड़ी जूते-चप्पल लेकर फरार हो गए।
दुकानदार ने पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने दुकानदार को दी। मौके पर पहुंचे राजेश ठठेरा दुकान का टूटा ताला देखकर दंग रह गए। उन्होंने तत्काल पुलिस चौकी को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पहले भी हो चुकी हैं चोरियां
गौरतलब है कि इससे पहले भी कस्बे में किराना व्यवसायी मेराज अंसारी, सब्जी विक्रेता संतोष और जनौली मोड़ स्थित मनोज अग्रहरि की दुकान में चोरी हो चुकी है। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस अब तक पूर्व की घटनाओं का खुलासा नहीं कर सकी है। लगातार हो रही वारदातों से दुकानदारों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने उठाए सवाल
इस संबंध में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष लालमनी पाल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि धीना थाने में थानाध्यक्ष रहते हुए भी चोरी की घटनाएं होती रही हैं। तत्कालीन थानाध्यक्ष के लाइन हाजिर होने के बाद दोबारा चार्ज संभालने पर भी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं करती है तो पीड़ित व्यापारियों के साथ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर व्यापारियों की सुरक्षा और चोरियों पर अंकुश लगाने की मांग की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने क्या कहा?
वहीं, धीना थानाध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि चोरियों के खुलासे के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।