पुलिस चौकी पर सुरक्षा के लिए मीटिंग, चौकी इंचार्ज ने दी ये सलाह

सतीश प्रकाश ने जोर देकर कहा कि प्रत्येक बैंक शाखा और ग्राहक सेवा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा लगना अनिवार्य होगा।
 

ग्राहक सेवा केंद्र व बैंक शाखाओं पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

चौकी प्रभारी सतीश प्रकाश ने ली मीटिंग

सुरक्षा के लिए जरुरी उपायों पर चर्चा

चंदौली जिले के कमालपुर कस्बा स्थित पुलिस चौकी पर रविवार शाम चौकी प्रभारी सतीश प्रकाश की देखरेख में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राहक सेवा केंद्र संचालकों, मनी कलेक्शन एजेंटों और बैंक मित्रों को सुरक्षा के दृष्टिगत अपने-अपने केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।

चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह पहल की जा रही है ताकि बैंकिंग लेनदेन में पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी तरह की आपराधिक घटना पर तुरंत लगाम लग सके। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे लगने से न केवल अपराध की घटनाओं पर नजर रखी जा सकेगी, बल्कि किसी भी घटना के बाद फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करना आसान हो जाएगा।

उन्होंने बैंक मित्रों को आगाह करते हुए कहा कि मौजूदा समय में ऑनलाइन लेनदेन के मामलों में सतर्क रहना बेहद जरूरी है। कई बार लापरवाही के चलते ग्राहक और केंद्र संचालक दोनों ही धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में तकनीकी सुरक्षा के साथ-साथ जागरूकता भी जरूरी है।

सतीश प्रकाश ने जोर देकर कहा कि प्रत्येक बैंक शाखा और ग्राहक सेवा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा लगना अनिवार्य होगा। इससे न केवल ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि केंद्र संचालकों के लिए भी एक सुरक्षा कवच का काम करेगा।

बैठक में हेड कांस्टेबल विजय कुमार, कांस्टेबल चंदन वर्मा, अमित वर्मा, इमरान अली, रविन्द्र गुप्ता, शिवप्रताप भूषण, राजेश सिंह, अजीत पांडेय, विपिन कुमार सिंह और अनिल उपाध्याय मौजूद रहे।