कमालपुर में व्यापार मंडल अध्यक्ष चुनाव पर 14 अगस्त को फैसला: राज्यसभा सांसद साधना सिंह लेंगी निर्णय, जिलाध्यक्ष ने दिया आश्वासन

 

कमालपुर के दर्जनों व्यापारियों ने जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात कर नए व्यापार मंडल अध्यक्ष का चुनाव कराने की मांग की। पूर्व अध्यक्ष के निधन के बाद खाली पड़े पद पर 14 अगस्त को राज्यसभा सांसद साधना सिंह निर्णय लेंगी।

 
 

कमालपुर में व्यापार मंडल अध्यक्ष चुनाव मांग

जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह को सौंपा पत्रक

पूर्व अध्यक्ष सुदामा जायसवाल के निधन से खाली पद

14 अगस्त को साधना सिंह करेंगी फैसला

दर्जनों व्यापारियों ने चुनाव कराने पर दिया जोर

चंदौली जिले के कमालपुर कस्बे के दर्जनों व्यापारियों ने रविवार को व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह के आवास पर पहुंचकर अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर पत्रक सौंपा। व्यापारियों ने मांग की कि कमालपुर कस्बा में व्यापार मंडल अध्यक्ष सुदामा जायसवाल के आकस्मिक निधन के बाद अब नए अध्यक्ष का चुनाव कराया जाना नितांत आवश्यक है, ताकि व्यापारियों के हितों और उनकी सुरक्षा को मजबूती दी जा सके।

जानिए क्या है कमालपुर व्यापार मंडल का पूरा मामला
व्यापारियों की मांग पर पूर्व अध्यक्ष सुदामा जायसवाल ने 30 अगस्त 2023 को अपने पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद 13 सदस्यीय संरक्षक मंडल के नेतृत्व में चुनाव कराने का फैसला लिया गया था और बाजार के करीब 1000 व्यापारियों से 20-20 रुपये की रसीद काटकर सदस्य बनाया गया था। चुनाव मैदान में नीरज अग्रहरि (पत्रकार) और संजय रस्तोगी दावेदार के रूप में उतरे थे। हालांकि, चुनाव कमेटी ने जिला संगठन के माध्यम से सुदामा जायसवाल को पुनः अध्यक्ष मनोनीत कर दिया था। बीते 9 जून को सुदामा जायसवाल का आकस्मिक निधन हो गया, जिसके बाद से यह पद खाली है।

जिलाध्यक्ष ने दिया आश्वासन, 14 अगस्त को होगा फैसला
पत्रक लेने के बाद जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि संगठन के लिए सभी व्यापारियों का सम्मान सर्वोपरि है। कोई भी फैसला व्यापारी हित को ध्यान में रखकर ही लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का सहयोग ही संगठन की ताकत है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि आगामी 14 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद साधना सिंह के आने पर कमालपुर में नए अध्यक्ष के चुनाव को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा, जिसकी सूचना सभी को दी जाएगी।

बैठक में ये व्यापारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान नीरज अग्रहरि, संजय रस्तोगी, संदीप जायसवाल (बबलू), अमित जायसवाल (दीपू), रितेश पांडेय, शिवजी वर्मा, आनंद रस्तोगी, गोपी जायसवाल, धीरज अग्रहरि, कलाधर प्रसाद, प्रमोद रस्तोगी, संजय अग्रहरि, दिनेश गुप्ता, गुड्डू मौर्य, पिंटू शर्मा, चेतन जायसवाल, मुहम्मद अली, गणेश अग्रहरि, संजय त्रिशूलिया, बाल मकुंद रस्तोगी, चंदन कुमार और राजू बिंद सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।