ससुराल आए युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत, रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं
चंदौली के सकलडीहा में रक्षाबंधन पर ससुराल आए 26 वर्षीय मुकेश राय की शनिवार सुबह रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार और ससुराल पक्ष में कोहराम मचा है।
सकलडीहा के पीथापुर गांव में दर्दनाक हादसा
रक्षाबंधन पर पत्नी के साथ ससुराल आया था मुकेश
शनिवार सुबह रेलवे पटरी पार करते समय हुआ हादसा
अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर मौत
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई
चंदौली जिले के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पीथापुर गांव में शनिवार सुबह एक बेहद दुखद हादसा सामने आया। यहां रेलवे लाइन पार करते समय अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकेश राय के रूप में हुई है, जो धानापुर थाना क्षेत्र के गुरेहू गांव का रहने वाला था।
ससुराल आया था मृतक मुकेश
मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश राय रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अपनी पत्नी के साथ सकलडीहा के पीथापुर स्थित अपने ससुराल आया हुआ था। शनिवार की सुबह करीब 6:30 बजे वह शौच के लिए रेलवे पटरी की ओर गया था। इसी दौरान पोल संख्या 731/16 के पास रेलवे लाइन पार करते वक्त वह अचानक किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी तुरंत जान चली गई।
परिवार में मचा कोहराम
अचानक हुई इस अनहोनी की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और ससुराल पक्ष के लोगों में चीख-पुकार मच गई। त्यौहार के माहौल के बीच अचानक हुए इस हादसे से पूरा गांव स्तब्ध है। परिजनों रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही नई बाजार चौकी प्रभारी जनक सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। चौकी प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे पटरी की ओर गए युवक की अज्ञात ट्रेन से टकराने के कारण मौत होने की संभावना है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।