मारूफपुर में अध्यक्ष संतलाल मौर्या समेत नए पदाधिकारियों ने ली शपथ, पुलिस ने व्यापारियों से की यह खास अपील

 

चन्दौली के मारूफपुर में रविवार देर रात व्यापार मंडल के नए पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरी ने संतलाल मौर्या सहित पूरी टीम को पद की शपथ दिलाकर एकजुटता का मंत्र दिया।

 
 

मारूफपुर व्यापार मंडल का शपथ ग्रहण

अध्यक्ष संतलाल मौर्या ने ली शपथ

व्यापारियों के उत्पीड़न पर दी चेतावनी

सुरक्षा के लिए सीसीटीवी की अपील

चन्दौली जिले के चहनियां क्षेत्र अंतर्गत मारूफपुर व्यापार मंडल के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार देर रात मारूफपुर स्थित एक वैवाहिक लॉन में बेहद उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया गया।

इसके बाद उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरी ने नवनियुक्त अध्यक्ष संतलाल मौर्या सहित सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को संगठन के मुख्य उद्देश्यों और व्यापारियों के प्रति उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया।

उत्पीड़न के खिलाफ एकजुटता का संदेश
शपथ ग्रहण के बाद व्यापारियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरी ने कहा कि व्यापार मंडल एक ऐसे सुंदर पुष्पहार की तरह है, जिसमें अलग-अलग वर्गों के व्यापारी एक साथ पिरोए हुए हैं। यही एकजुटता संगठन की असली ताकत को दर्शाती है।

उन्होंने साफ तौर पर कहा कि व्यापार मंडल जाति, धर्म, संप्रदाय और किसी भी राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर केवल व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए काम करता है। यदि भविष्य में किसी भी व्यापारी का मानसिक या आर्थिक उत्पीड़न होता है, तो पूरा संगठन उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

पुलिस प्रशासन ने दिया सुरक्षा का भरोसा
समारोह में पहुंचे बलुआ थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने सभी दुकानदारों और व्यापारियों को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन व्यापारियों के हितों और उनकी सुरक्षा के लिए हर समय मुस्तैद है।

थानाध्यक्ष ने सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिहाज से सभी छोटे-बड़े दुकानदारों से अपनी-अपनी दुकानों के बाहर और भीतर सीसीटीवी कैमरे लगाने की विशेष अपील की। कार्यक्रम का शानदार संचालन अनिल यादव ने किया और अंत में नए अध्यक्ष संतलाल मौर्या ने सभी का धन्यवाद जताया।