मथेला के प्राचीन मां काली मंदिर का होगा कायाकल्प, राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने उठाया कदम
चंदौली के मथेला गांव स्थित प्राचीन मां काली मंदिर का जल्द जीर्णोद्धार होगा। राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने पर्यटन मंत्री को पत्र लिखा है। परिसर में बारात घर समेत कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मथेला के प्राचीन काली मंदिर का कायाकल्प
राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने लिखा पत्र
मंदिर के जीर्णोद्धार हेतु बजट स्वीकृत
मंदिर परिसर में बनेगा नया बारात घर
हजारों श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधाएं
चंदौली जिले के चहनियां ब्लॉक स्थित मथेला गांव के प्राचीन मां काली माता मंदिर का जल्द ही सुंदर कायाकल्प होने जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री को पत्र लिखकर मंदिर के जीर्णोद्धार और आवश्यक निर्माण कार्य कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने इसे क्षेत्र की धार्मिक आस्था और धरोहर से जुड़ा अहम विषय बताया।
दिल्ली में सांसद से मिले प्रतिनिधि, सौंपी मांग
ग्रामीणों द्वारा दिए गए मांग पत्र को लेकर सांसद प्रतिनिधि अतुल सिंह प्रिंस ने दिल्ली में राज्यसभा सांसद साधना सिंह से मुलाकात की। इस दौरान मंदिर परिसर के विकास और जीर्णोद्धार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने अपने पत्र में लिखा कि मथेला का यह मंदिर चंदौली क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र है। यहाँ हर साल आयोजित होने वाले मेले और धार्मिक कार्यक्रमों में हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं।
जर्जर स्थिति से श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
सांसद ने पत्र में उल्लेख किया कि मंदिर परिसर की वर्तमान हालत काफी जर्जर है। इसके चलते दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पर्यटन मंत्री से आग्रह किया गया है कि मंदिर परिसर का जल्द से जल्द जीर्णोद्धार कराया जाए। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्रीय सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी हो सकेगा।
बजट स्वीकृत, बनेगा नया बारात घर
सांसद प्रतिनिधि अतुल सिंह प्रिंस ने बताया कि मथेला स्थित मां काली मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही कायाकल्प का काम शुरू होगा। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बारात घर सहित अन्य जरूरी निर्माण कार्य भी कराए जाएंगे। सांसद की इस पहल से पूरे क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं में भारी खुशी का माहौल है।