माइनर झंखाड़ से पटी, किसानों की फसलें डूबने के कगार पर
कई वर्षों से नहीं हुई माइनर की सफाई
झाड़-, झंखाड़ से पूरी तरह पटी नहर
धान की फसल डूबने के कगार पर
किसानों ने जताई गहरी चिंता
चंदौली जिले के कमालपुर में भूपौली लिफ्ट कैनाल से निकली मुख्य नहर से एवती गांव के पास एक माइनर नहर निकलती है, जो रहपुरी गांव के पास जाकर अगहर बीर बहुरिया नदी में मिलती है। किसानों के मुताबिक यह नहर खेतों में अतिरिक्त पानी निकालकर नदी तक पहुंचाने का काम करती है, ताकि फसलें सुरक्षित रह सकें।
लेकिन कई वर्षों से इस माइनर की सफाई नहीं हुई है। झाड़-झंखाड़ और गाद भर जाने के कारण नहर पूरी तरह जाम हो चुकी है। परिणामस्वरूप पानी खेतों में फैलकर धान की फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। हजारों एकड़ भूमि पर लगी फसलें डूबने के कगार पर हैं।
स्थानीय किसान मुकेश यादव, अवधेश और सुनील यादव का कहना है कि नहर का पानी सीधा अगहर वीर नाले में गिरना चाहिए, लेकिन अवरुद्ध होने की वजह से बीच रास्ते में ही खेतों में भर जाता है। इससे खरीफ सीजन की धान की फसल सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही है। किसानों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते नहर की सफाई नहीं हुई, तो पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी।
इस संबंध में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि माइनर की सफाई रबी सीजन में कराई जाएगी। हालांकि किसानों का कहना है कि तब तक खरीफ की फसल पूरी तरह नष्ट हो जाएगी। उन्होंने विभाग से तत्काल सफाई कराने की मांग की है, ताकि खेतों को बर्बादी से बचाया जा सके।