गाजीपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था शुभम, महिला के चक्कर में नदी में मिली लाश

 

चंदौली के रामगढ़ निवासी शुभम का शव बलुआ रामघाट पर गंगा नदी में उतराया मिला। शनिवार से लापता युवक की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने दो युवतियों की संलिप्तता का अंदेशा जताते हुए जांच की मांग की है।

 
 

गंगा नदी में उतराया मिला युवक का शव

घाट किनारे मिली लावारिस खड़ी मोटरसाइकिल

घटना के वक्त दो युवतियों की मौजूदगी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बलुआ रामघाट पर रविवार सुबह एक युवक का शव गंगा नदी में उतराया मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान रामगढ़ निवासी मुन्ना खरवार के इकलौते पुत्र शुभम खरवार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन घाट पर जमा हो गए।

गाजीपुर जाने की बात कहकर निकला था घर से
कहा जा रहा है कि शुभम शनिवार सुबह अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह किसी काम से गाजीपुर जा रहा है। हालांकि, वह गाजीपुर न जाकर दोपहर में बलुआ रामघाट पहुँच गया। वहाँ स्नान करने के दौरान वह गहरे पानी में समा गया और लापता हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी थी।

साक्ष्यों के आधार पर हुई मृतक की पहचान 
घटनास्थल पर पहुँची बलुआ थाना पुलिस को घाट किनारे एक मोटरसाइकिल, कपड़े और जूते लावारिस हालत में मिले। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया। घाट पर पहुँचे पिता मुन्ना खरवार ने वहां मौजूद कपड़ों और बाइक को देखकर अपने पुत्र की शिनाख्त की, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया।

घटनास्थल पर दो युवतियों की मौजूदगी का दावा 
इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय शुभम के साथ दो युवतियां भी मौजूद थीं। मृतक के पिता ने भी जानकारी दी कि शुभम की एक युवती से लंबे समय से बातचीत होती थी। इस खुलासे के बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की गहराई से जांच करने की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच का आश्वासन
 शनिवार को स्थानीय गोताखोरों द्वारा की गई काफी खोजबीन के बाद भी शुभम का पता नहीं चल सका था। रविवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ, तब पुल के नीचे उसका शव पानी में तैरता मिला। मल्लाहों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू की जांच की जा रही है।