मिशन शक्ति की पहल से बलुआ में निकली साइकिल रैली, महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने की कोशिश
​​​​​​​

थाना बलुआ में नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्र के कार्य, उद्देश्य और उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के बारे में भी उपस्थित लोगों को जानकारी दी गई।
 

बलुआ थाना में साइकिल रैली का आयोजन

छात्राओं के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया

हेल्पलाइन नंबर और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई

चंदौली जिले के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत थाना बलुआ पुलिस और जीवन ज्योति कंप्यूटर संस्थान की छात्राओं ने आज एक विशेष साइकिल रैली का आयोजन किया। रैली का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित और सशक्त बनाने के साथ-साथ जागरूक करना था।

आपको बता दें कि साइकिल रैली के माध्यम से छात्राओं ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, सरकारी योजनाओं और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इस अवसर पर पम्पलेट वितरित कर जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया। रैली में राकेश रौशन यादव (ब्रांड एम्बेसेडर मतदाता जागरूकता चंदौली), संरक्षण अधिकारी किशन वर्मा, वन स्टॉप सेंटर केंद्र प्रशासक दीक्षा अग्रहरी, बलुआ थाने के उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, महिला आरक्षी वंदना, और संस्थान प्रबंधक रामजी साहब यादव सहित कई लोग उपस्थित रहे।

साथ ही, मिशन शक्ति अभियान के तहत यातायात पुलिस टीम ने चार पहिया वाहनों पर लगी काली फिल्म, हूटर, बत्ती और नम्बर प्लेट के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देकर वाहन चालकों को जागरूक किया।

थाना बलुआ में नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्र के कार्य, उद्देश्य और उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के बारे में भी उपस्थित लोगों को जानकारी दी गई। इस पहल से महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इस अभियान से न केवल जागरूकता बढ़ी है, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं को समाज में सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी उठाए गए हैं।