मिशन शक्ति ने कराया बिछड़े दंपत्तियों का मेल, परिवार एक होकर रहने को राजी
मिशन शक्ति के तहत बिछड़े दंपत्ति का पुनर्मिलन
पारिवारिक विवाद को समझा-बुझाकर हल किया गया
टूटते रिश्ते को बचाकर परिवार में खुशियां लौटाईं
चंदौली जिले के थाना बलुआ पुलिस और मिशन शक्ति केन्द्र की टीम ने “मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0” के तहत एक बिछड़े दंपत्ति को पुनः मिलाकर परिवार में खुशियां लौटाई। यह पहल पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई, जिसमें कानून व्यवस्था के साथ-साथ समाजिक रिश्तों को भी मजबूत करने पर जोर दिया गया।
आपको बता दें कि थाना बलुआ/मिशन शक्ति केन्द्र ने दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को पति-पत्नी और उनके परिवार के बीच उत्पन्न पारिवारिक विवाद को हल करने के लिए दोनों पक्षों को नोटिस और मोबाइल संदेश के माध्यम से बुलाया। पुलिस टीम ने पारिवारिक मूल्यों और रिश्तों के महत्व को समझाते हुए दंपत्ति को आपसी समझौते और सम्मान के साथ रहने के लिए प्रेरित किया।
प्रयासों के दौरान दोनों पक्षों ने अपने बीते मतभेद और गलतियों को स्वीकार किया और बिना किसी दबाव के पुनः पति-पत्नी के रूप में एक-दूसरे का सम्मान करते हुए रहने का निर्णय लिया। मिशन शक्ति केन्द्र की टीम ने इस प्रक्रिया में दंपत्ति के बीच संवाद को सुनिश्चित किया और टूटते हुए रिश्ते को सुदृढ़ बनाया।
थाना बलुआ के अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल महिलाओं के सुरक्षा और सशक्तिकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक कल्याण को भी बढ़ावा देना है। इस पहल से दंपत्ति और उनके परिवार में न केवल विश्वास बढ़ा बल्कि पूरे समुदाय में सकारात्मक संदेश भी गया कि पुलिस सिर्फ कानून लागू करने में ही नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सुधारने में भी सक्रिय है।
यह सफलता मिशन शक्ति अभियान की सार्थकता को दर्शाती है और पुलिस की जनहितकारी पहल के प्रति स्थानीय लोगों में प्रशंसा बढ़ा रही है।