सपा विधायक ने बाढ़ग्रस्त गांवों का किया दौरा, कहा- सुविधाएं नहीं मिलीं तो होगी जिलाधिकारी से शिकायत

टांडा गांव में स्थित घटवारी माता मंदिर पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। टांडा बाजार में भी पानी भर गया है। कई गांवों के लोग नावों के सहारे अपने घरों तक पहुंच रहे हैं।
 

अधिकारियों से की राहत सामग्री की मांग

विषैले जीव-जंतुओं के बढ़ते  खतरे से लोगों की नींद उड़ी

टांडा गांव में  हालात और भी गंभीर

चंदौली जिले में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे तटवर्ती इलाकों के हालात दिनों-दिन बिगड़ते जा रहे हैं। कई गांवों में मकान आधे डूब चुके हैं और रास्ते जलमग्न हो चुके हैं। मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने प्रभावित गांवों का दौरा किया और मारूफपुर बाढ़ चौकी केंद्र पर एसडीएम सकलडीहा कुंदन राज कपूर और तहसीलदार से ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर वार्ता की।

सपा विधायक ने बलुआ, डेरवा, महुअर, हरधन जुड़ा, पूरा गनेश, चकरा, मठिया, टांडा, मारूफपुर, मुकुंदपुर, नादी और सहेपुर जैसे तटवर्ती गांवों का दौरा किया। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि बिजली, पीने के पानी, दवाइयों और मवेशियों के चारे की भारी किल्लत है। कई जगह प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं पहुंची है।

अधिकारियों से की राहत सामग्री की मांग
मारूफपुर में विधायक ने अधिकारियों से मांग की कि जब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होती, तब तक ग्रामीणों को मोमबत्ती और अन्य वैकल्पिक साधन दिए जाएं। इसके साथ ही बाढ़ केंद्रों पर शरण ले रहे लोगों के लिए उत्तम भोजन, दवाएं और पशुओं के लिए चारा की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शीघ्र राहत सामग्री भेजी जाएगी।

प्रशासन को दी चेतावनी
विधायक ने कहा कि यदि बाढ़ पीड़ितों को जल्द सुविधा नहीं मिली तो वे इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से करेंगे। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि स्थिति की गंभीरता को समझते हुए हर स्तर पर सक्रियता दिखाई जाए।

विषैले जीव-जंतुओं का खतरा, लोगों की नींद उड़ी
गंगा किनारे बसे गांव भुपौली, महड़ौरा, कांवर, पकड़ी, विसुपुर, महुअरिया खास, बलुआ, सराय, सोनबरसा, टांडा कला, महमदपुर, सरौली, हसनपुर, बड़गांवा, नादी निधौरा और अन्य जगहों पर खेतों में खड़ी फसलें और हरा चारा जलमग्न हो गया है। विषैले जंतुओं का खतरा बढ़ गया है, जिससे लोगों की रातों की नींद उड़ चुकी है।

टांडा में हालात गंभीर
टांडा गांव में स्थित घटवारी माता मंदिर पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। टांडा बाजार में भी पानी भर गया है। कई गांवों के लोग नावों के सहारे अपने घरों तक पहुंच रहे हैं। यह हालात प्रशासन के लिए चुनौती बने हुए हैं।

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस मौके पर सुभाष यादव, जिला पंचायत सदस्य रविन्द्र यादव, राजीव सिंह मुन्ना, बृजमोहन कुशवाहा, भोला यादव, बाबूलाल यादव, अरुण निषाद समेत कई लोग मौजूद रहे।