सिंचाई व गंगा कटान को प्रमुख एजेंडा बना रखे हैं सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव, अफसरों के साथ दौरा 

 

सकलडीहा के सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव की पहल पर विधानसभा की विशेष टीम ने क्षेत्र का दौरा किया। टीम ने नहरों की सफाई और गंगा कटान रोकने के कामों का बारीकी से निरीक्षण कर अफसरों को कड़े निर्देश दिए।

 

सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव की पहल

मथेला से खोनपुर तक नहर निरीक्षण

छोटी नहरों की साफ-सफाई के निर्देश

गंगा कटान रोकने का जमीनी मुआयना

बूढ़ेपुर कटान क्षेत्र पर आवश्यक कार्रवाई

चंदौली जिले के सकलडीहा के समाजवादी पार्टी  के विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव की एक बड़ी पहल रंग लाई है। विधानसभा में उनके उठाए गए सवालों के बाद गठित 'प्रश्न एवं याचिका समिति' की टीम ने सकलडीहा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान विधायक खुद मुख्य अभियंता सोन, सिद्धार्थ सिंह और सिंचाई विभाग के तमाम बड़े अधिकारियों को साथ लेकर जमीन पर उतरे और चल रहे कामों का जायजा लिया।

नहरों की सफाई और पानी देने पर जोर
विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने अधिकारियों के साथ मिलकर मथेला से लेकर खोनपुर तक नहर का पैदल और स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभुपुर इलाके से गुजरने वाली छोटी नहरों में उगे झाड़-झंखाड़ और सिल्ट की समस्या को खुद देखा। विधायक ने अफसरों को सख्त निर्देश दिए कि नहरों की इन समस्याओं को तुरंत दूर किया जाए ताकि किसानों के खेतों तक समय से पानी पहुंच सके।

बाढ़ से बचाव के लिए पत्थरों की जाली लगाने के निर्देश
नहरों का हाल देखने के बाद यह टीम हसनपुर तीरगांवा पहुंची। वहां गंगा नदी के कटान को रोकने के लिए बिछाए जा रहे पत्थरों के काम को देखा गया। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ आने से पहले इन सभी पत्थरों को लोहे की मजबूत जाली से अच्छी तरह ढक दिया जाए। ऐसा करने से बाढ़ के तेज बहाव में ये पत्थर बहेंगे नहीं और गांव सुरक्षित रहेंगे।

बूढ़ेपुर कटान क्षेत्र का भी हुआ मुआयना
इसके बाद टीम ने बूढ़ेपुर गंगा कटान क्षेत्र का भी दौरा किया और वहां हो रहे नुकसान को देखा। विधायक ने वहां भी जरूरी कदम उठाने के कड़े निर्देश दिए। इस बड़े निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अभियंता हरेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता रविशंकर मिश्रा, सहायक अभियंता रामचंद्र यादव और सहायक अभियंता अनुराग सिंह सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।