सैयदराजा के माधोपुर में मुलायम सिंह यादव को दी गई श्रद्धांजलि, पूर्व विधायक बोले- रामकथा के बहाने हो रहा शक्ति प्रदर्शन
माधोपुर में मुलायम सिंह यादव की जयंती मनाई गई
मनोज सिंह डब्लू का भाजपा विधायक पर आरोप
26 नवंबर से 2 दिसंबर तक श्रीमद्भागवत कथा
कथा वाचिका गौरांगी गौरी करेंगी कथा वाचन
चंदौली। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के प्रणेता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के माधोपुर गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सपा के पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और केक काटकर जयंती मनाई।
संघर्ष और विचारधारा को किया याद
इस मौके पर मनोज सिंह डब्लू ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक संघर्ष, समाजवादी विचारधारा और प्रदेश की राजनीति में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि नेताजी ने सदैव गरीबों, किसानों, नौजवानों और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद की। उनके संघर्ष और विचार समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
26 नवंबर से होगी श्रीमद्भागवत कथा
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक ने आगामी 26 नवंबर से माधोपुर में होने वाली सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपने पिता की पुण्यतिथि के अवसर पर पहले से ही कथा का आयोजन तय किया गया था। 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में कथा वाचिका गौरांगी गौरी श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा सुनाएंगी।
भाजपा विधायक पर शक्ति प्रदर्शन का आरोप
इसी क्रम में मनोज सिंह डब्लू ने भाजपा विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि कथा धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन है, इसे राजनीतिक मंच नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक धार्मिक आयोजनों को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करते हैं। पूर्व विधायक के अनुसार, उनके पिता की पुण्यतिथि पर भागवत कथा का कार्यक्रम पहले से निर्धारित था, लेकिन इसकी जानकारी होने के बाद भाजपा विधायक ने आनन-फानन में राजन जी की रामकथा का आयोजन करवा दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक द्वारा रामकथा को शक्ति प्रदर्शन का माध्यम बनाया जा रहा है, जबकि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य आध्यात्मिक संदेश देना और समाज में सकारात्मक माहौल बनाना होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके परिवार की ओर से आयोजित भागवत कथा पूरी तरह धार्मिक श्रद्धा से जुड़ा कार्यक्रम है और इसका किसी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से कोई संबंध नहीं है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता व समर्थक उपस्थित रहे।