DM साहब जरा आप भी देख लीजिए...बाढ़ के बाद भी संकट में मुकुंदपुर, 26 दिन से अंधेरे में डूबा गांव
बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी संकट बरकरार
मुकुंदपुर गांव में चारों ओर जलभराव की समस्या
लोगों के आवागमन में आ रही दिक्कतें
7 अगस्त से बिजली आपूर्ति ठप
बिजली विभाग और जनप्रतिनिधि मौन
चंदौली जिले के चहनियां में पिछले दिनों आई बाढ़ का पानी भले ही उतर गया हो, लेकिन चहनियां विकास खंड के मुकुंदपुर गांव के लोग अब भी बाढ़ की मार झेलने को मजबूर हैं। गांव के सिवान और घरों के चारों ओर अब भी पानी जमा है, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है। लंबे समय तक जलभराव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
26 दिन से बिजली गुल
आपको बता दें कि ग्रामीणों की सबसे बड़ी समस्या बिजली कटौती है। बाढ़ के दौरान 7 अगस्त को गांव का बिजली पोल और ट्रांसफार्मर गिर गया था, जिसे अब तक दुरुस्त नहीं किया गया। नतीजतन मुकुंदपुर के लोग लगभग 26 दिन से अंधेरे में जिंदगी काटने को विवश हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। बिजली विभाग के कर्मचारी सर्वे कर लौट गए लेकिन अब तक आपूर्ति बहाल नहीं की गई।
गंदगी और बीमारी का खतरा
बताते चलें कि गांव के किनारे और घरों के आसपास अब भी पानी भरा है, जिससे गंदगी और बदबू फैल रही है। मच्छरों के कारण ग्रामीणों को दिन-रात परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों को आशंका है कि अगर स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति बहाल करने तथा जलभराव की समस्या दूर करने की मांग की है। उनका कहना है कि राहत और बचाव कार्य सिर्फ बाढ़ के दौरान ही नहीं, बल्कि उसके बाद भी जरूरी है, क्योंकि असली कठिनाई पानी उतरने के बाद सामने आती है।