सकलडीहा में अंबेडकर प्रतिमा हटाने का विरोध तेज, दलित संगठनों ने DM को सौंपा ज्ञापन
सकलडीहा तिराहे पर अंबेडकर प्रतिमा हटाने से नाराजगी
आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी का संयुक्त प्रदर्शन
जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से कार्यकर्ताओं ने की मुलाकात
चंदौली जिले के सकलडीहा तिराहे पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को हटाए जाने के विरोध में बुधवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से कलेक्ट्रेट में प्रभारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात कर दलित समाज के लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रतिमा हटाने से समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मांग की कि सकलडीहा तिराहे पर गोलंबर बनाकर बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा पुनः स्थापित की जाए। चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो दलित समाज सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगा।
आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि वर्ष 1995 में अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई थी। लेकिन हाल ही में सैदपुर से चंदौली तक सड़क चौड़ीकरण के दौरान प्रतिमा को हटा दिया गया। इसको लेकर लगातार ज्ञापन दिए जा रहे हैं, पर प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन सिर्फ आश्वासन दे रहा है। यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन होगा। डीएम चंद्रमोहन गर्ग ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जल्द ही सकारात्मक कदम उठाया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में सिद्धार्थ प्राणबाहू, अर्जुन प्रसाद आर्या, सनी कुमार राव, शेरू निगम, डॉ. नंदलाल महादेवन, संघर्ष सूर्यवंशी, आकाश कुमार जाटव, अरविंद्र कुमार, चंद्रजीत जाटव, सूरज जाटव और बिट्टू कुमार शामिल रहे।