DDU-ताड़ीघाट-दिलदारनगर पैसेंजर में गोलीकांड में मरने वाले की हुयी पहचान, मौके पर पहुंचे SP रेलवे प्रशांत वर्मा
डीडीयू-दिलदारनगर पैसेंजर ट्रेन में रविवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कर्नाटक से लौट रहे मंगरू को बदमाश ने सिर में गोली मारकर ट्रेन से नीचे फेंक दिया। पुलिस और रेल प्रशासन इस दुस्साहसिक वारदात की गुत्थी सुलझाने में जुटे हैं।
डीडीयू-दिलदारनगर ताड़ीघाट पैसेंजर में दिनदहाड़े हत्या
सिर में गोली मारकर युवक को नीचे फेंका
कर्नाटक से लौट रहे 34 वर्षीय मंगरू की मौत
रेल एसपी प्रशांत वर्मा ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
सकलडीहा के पास फरार हुआ बैग टांगे हमलावर
चंदौली: डीडीयू-दिलदारनगर पैसेंजर ट्रेन में युवक की गोली मारकर हत्या, रेल एसपी ने शुरू की जांच
चंदौली जिले में भारतीय रेलवे में यात्री सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान लग गया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन से दिलदारनगर-ताड़ीघाट जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में रविवार सुबह एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस दुस्साहसिक वारदात से रेल महकमे और यात्रियों में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआरपी प्रयागराज और एसपी रेल प्रशांत वर्मा ने दल-बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कुचमन स्टेशन के पास दिया वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 53642 (डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर) अपने निर्धारित समय से थोड़ी देरी से सुबह 6:28 बजे डीडीयू जंक्शन से रवाना हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन जैसे ही कुचमन स्टेशन से आगे बढ़ी, हाथों में दो पिट्ठू बैग लिए एक अज्ञात युवक ने एक यात्री को कोच के दरवाजे के पास ले जाकर उसके सिर में गोली दाग दी। गोली लगते ही यात्री लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिसके बाद हमलावर ने उसे चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया।
सकलडीहा के पास फरार हुआ हमलावर
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने भागने की पूरी योजना बना रखी थी। बताया जा रहा है कि सकलडीहा के पास जब ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई, तो आरोपी मौका देखकर आराम से नीचे उतरकर जंगल की ओर फरार हो गया। वारदात के बाद कोच में चीख-पुकार मच गई। एक सजग यात्री ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सकलडीहा, चंदौली सदर, अलीनगर थाना पुलिस और जीआरपी की टीमें सक्रिय हुईं।
कर्नाटक से लौट रहा था मृतक मंगरू
जांच के दौरान मृतक की पहचान 34 वर्षीय मंगरू के रूप में हुई है। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगरू कर्नाटक में मछली पकड़ने का काम करता था और करीब 15 दिन पहले ही वहां गया था। वह अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जल्द होगा मामले का खुलासा: एसपी रेल
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुँचे एसपी रेल प्रशांत वर्मा ने बताया कि पुलिस के पास कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। उन्होंने कहा, "हत्या के इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर इस हत्याकांड का अनावरण किया जाएगा।" फिलहाल रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस आपसी समन्वय के साथ हमलावर की तलाश में जुटी है।