चंदौली में सब्जी लदी पिकअप लूटने का प्रयास विफल, चालक की सूझबूझ से बची चोरी
 

चिंतामणि ने हिम्मत दिखाई और सीधे थाना चौराहा तक गाड़ी लेकर पहुँचा। चालक की इस फुर्ती के चलते बाइक सवार युवक घटनास्थल से फरार हो गए।
 

धानापुर में सब्जी लदी पिकअप को लूटने की हुयी थी कोशिश

गाड़ी चालक की सूझबूझ से बची रकम

सड़क पर कबाड़ डालकर गाड़ी रोकने की कोशिश फेल

बाइक सवार लुटेरे मौके से हो गए हैं फरार

चंदौली जिले के धानापुर-चहनिया मुख्य मार्ग पर सोमवार रात करीब 10 बजे एक सब्जी लदी पिकअप गाड़ी को लूटने का प्रयास किया गया। यह घटना रायपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास हुई। चालक चिंतामणि की सूझबूझ और सतर्कता के कारण अज्ञात लुटेरों का यह प्रयास विफल हो गया और बड़ी चोरी टल गई।

चिंतामणि ने बताया कि वह प्रतिदिन बनारस से जमानिया सब्जी लेकर जाता है। रात में जैसे ही वह पेट्रोल पंप के पास पहुँचा, अपाचे बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोकने की कोशिश की। आरोपियों ने पिकअप को रोकने के लिए सड़क पर कबाड़ भी डाल दिया था, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी।

चिंतामणि ने हिम्मत दिखाई और सीधे थाना चौराहा तक गाड़ी लेकर पहुँचा। चालक की इस फुर्ती के चलते बाइक सवार युवक घटनास्थल से फरार हो गए।

धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने घटना को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने तत्काल सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और जल्द ही इस लूट के प्रयास का खुलासा करने का दावा किया है।

पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें और अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। इस घटना ने एक बार फिर जिले में सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर किया है, और यह संदेश दिया है कि सड़क पर किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में सतर्कता ही सबसे बड़ा हथियार है।