पीएम श्री विद्यालयों और निपुण भारत मिशन की सकलडीहा में समीक्षा बैठक

प्राचार्य ने ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए सभी एआरपी को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, कार्य संस्कृति को बेहतर बनाने और शिक्षकों को अकादमिक सपोर्ट प्रदान करने पर जोर दिया।
 

सकलडीहा डायट पर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

निपुण भारत मिशन और शैक्षिक गतिविधियों पर हुई चर्चा

डायट प्राचार्य विकायल भारती ने की बैठक की अध्यक्षता

चंदौली जिले के सकलडीहा में निपुण भारत मिशन और अन्य शैक्षिक गतिविधियों की प्रगति को लेकर शनिवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक सकलडीहा स्थित डायट परिसर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता डायट प्राचार्य विकायल भारती ने की। इसमें खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, एआरपी, डायट मेंटर और जिला समन्वयक शामिल रहे।

आपको बता दें कि बैठक का शुभारंभ प्रभारी डॉ. जितेन्द्र सिंह ने विगत माह की कार्ययोजना और एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा के साथ किया। इसके बाद प्राचार्य ने ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए सभी एआरपी को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, कार्य संस्कृति को बेहतर बनाने और शिक्षकों को अकादमिक सपोर्ट प्रदान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कठिनाइयों का समाधान प्राथमिकता पर किया जाए।

समीक्षा बैठक में विकास खंडवार शैक्षिक स्थिति, सपोर्टिव सुपरविजन, संकुल बैठकों में शिक्षकों की भागीदारी, निपुण लक्ष्य ऐप पर छात्रों का आकलन, विद्यालयों में शिक्षण-अधिगम सामग्री के उपयोग, बीआरसी पर एफएलएन प्रशिक्षण और पीएम श्री विद्यालयों में सपोर्ट की स्थिति जैसे बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

इसके अलावा नवाचारी कार्यों को बढ़ावा देने और विद्यालयों की गुणवत्ता सुधार पर भी जोर दिया गया। बैठक में बीईओ अवधेश राय, अवधेश नारायण सिंह, लालमणि राम, कृष्ण गोपाल सिंह, डायट मेंटर हरिवंश यादव, केदार सिंह यादव और डॉ. रोशन सिंह मौजूद रहे।