लाश को लेकर सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस, 4 घंटे तक पटरी किनारे पड़ा रहा बुजुर्ग का शव

चंदौली के कुचमन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से 80 वर्षीय बुजुर्ग लल्लन यादव की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय अलीनगर पुलिस और जीआरपी के बीच सीमा विवाद छिड़ गया, जिसके कारण बुजुर्ग का शव चार घंटे तक पटरी किनारे पड़ा रहा।

 

कुचमन रेलवे स्टेशन के पास दर्दनाक ट्रेन हादसा

अस्सी वर्षीय बुजुर्ग लल्लन यादव की हुई मौत

थानों के सीमा विवाद में उलझा रहा पूरा मामला

चार घंटे तक पटरी किनारे पड़ा रहा बुजुर्ग का शव

पुलिसिया ढुलमुल रवैये से मृतक के परिजन हुए बेहाल

चंदौली जिले के कुचमन रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार की सुबह एक बेहद दुखद हादसा हो गया। यहाँ ट्रेन की चपेट में आने से 80 साल के एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। मृतक की पहचान स्थानीय कुचमन गाँव के रहने वाले लल्लन यादव (80) के रूप में की गई है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

सीमा विवाद में उलझा रहा सिस्टम
बुजुर्ग की मौत के बाद जो तस्वीर सामने आई, उसने इंसानियत और पुलिसिया व्यवस्था को शर्मसार कर दिया। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे हुए इस हादसे के बाद स्थानीय अलीनगर थाना पुलिस और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर तो पहुँची, लेकिन दोनों ही टीमें कानूनी कार्रवाई करने के बजाय अपने-अपने क्षेत्राधिकार यानी सीमा विवाद को लेकर आपस में उलझ गईं।

चार घंटे तक तड़पते रहे परिजन
हैरानी की बात यह रही कि इस खींचतान के चक्कर में किसी भी पुलिस बल ने शव को अपने कब्जे में नहीं लिया। इसके चलते बुजुर्ग लल्लन यादव का शव करीब चार घंटे तक रेलवे ट्रैक के किनारे धूप और धूल में पड़ा रहा। मौके पर पहुँचे परिजन रोते-बिलखते रहे और पुलिस से कार्रवाई शुरू करने की गुहार लगाते रहे। लेकिन अलीनगर पुलिस सिर्फ जीआरपी के आने और जिम्मेदारी लेने का इंतजार करती रही।

ग्रामीणों और परिजनों में भारी गुस्सा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जो पुलिस कानून-व्यवस्था का दम भरती है, वह एक शव को उठाने के लिए घंटों सीमा विवाद में उलझी रही। लोगों ने कहा कि कई बार क्रेडिट लेने के लिए अपने इलाके से बाहर भागने वाली जीआरपी इस दुखद घड़ी में जिम्मेदारी लेने से बचती दिखी। खबर लिखे जाने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की स्थिति साफ नहीं हो पाई थी। परेशान परिजनों ने अब बड़े अधिकारियों से दखल देने और दोषी पुलिसवालों पर कार्रवाई की माँग की है।