जर्जर सड़क और नालियों की गंदगी से राहगीर परेशान, कौन कराएगा इसकी मरम्मत
बारिश में जलजमाव से लोग रहते हैं परेशान
डाकघर से थाने तक का मार्ग बना दुश्वार
कई शिकायत के बाद भी जिम्मेदार लोग नहीं देते हैं ध्यान
चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में डाकघर से थाने तक जाने वाले मार्ग की जर्जर स्थिति और नालियों से फैली गंदगी ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बरसात के चलते जलजमाव और कीचड़ से राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। मोहल्ले में बदबू के कारण लोगों की नींद हराम हो गई है, वहीं विद्यालय जाने वाले छात्र और अस्पताल पहुंचने वाले मरीज सबसे अधिक प्रभावित हैं।
बताते चलें कि ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिनों पूर्व मार्ग पर नाली का निर्माण हुआ, लेकिन उसके बाद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। हालत यह है कि सरकारी एम्बुलेंस भी इस रास्ते से आने में परहेज करती है। गाँव के लोगों ने ग्राम प्रधान और ब्लॉक अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस है।
इस संबंध में क्षेत्र पंचायत सदस्य विमल सिंह दादा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और इंटरलॉकिंग कार्य की स्वीकृति विधायक निधि से मिल चुकी है। बारिश के कारण काम रुका है, लेकिन मौसम साफ होते ही मरम्मत कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
इस मौके पर ग्रामीण अरविन्द मिश्रा, श्यामलाल वर्मन, फिरोज, सेराजुद्दीन भुट्टो, प्रकाश मौर्या, रमायन मौर्या, दीपू पटेल, क्रांति पटेल सहित अन्य ने जिलाधिकारी चंदौली से गाँव में साफ-सफाई और सड़क मरम्मत की तत्काल व्यवस्था कराने की मांग की है।