आंधी-तूफान में ढही दीवार, कौन बनवाएगा भैंसा खुर्द प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री वॉल
धीना के भैंसा खुर्द गांव में आंधी-बारिश के कारण प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री वॉल गिर गई है। दीवार न होने से स्कूल परिसर में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का डेरा लगने लगा है, जिससे बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
प्राथमिक विद्यालय भैंसा खुर्द की दीवार क्षतिग्रस्त
आंधी-तूफान के कारण सुरक्षा दीवार हुई जमींदोज
असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का बढ़ा हस्तक्षेप
ग्रामीणों ने की जल्द दीवार निर्माण की मांग
ग्राम पंचायत निधि से बनेगा नया सुरक्षा घेरा
चंदौली जिले के बरहनी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सभा भैंसा खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पिछले एक महीने से भगवान भरोसे है। बीते 29 अप्रैल की शाम आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के चलते विद्यालय की बाउंड्री वॉल गिर गई थी। दीवार गिरने के बाद से विद्यालय परिसर पूरी तरह असुरक्षित हो गया है, जिससे छात्र और शिक्षक दोनों ही चिंतित हैं।
असामाजिक तत्वों का बना अड्डा
स्थानीय ग्रामीण विपिन राय, सीबू, गोलू और सोनू ने बताया कि बाउंड्री वॉल न होने के कारण गांव के बच्चे दिन भर विद्यालय परिसर में खेलकूद करते हैं, जिससे कई बार खिड़कियों और गेट में तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुई हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि दीवार गिरने के बाद से रात के समय असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों ने स्कूल परिसर को अपना अड्डा बना लिया है। परिसर में गंदगी और असुरक्षा का माहौल होने से विद्यालय की गरिमा और संसाधनों को नुकसान पहुंच रहा है।
प्रशासनिक पहल के बाद मिला आश्वासन
ग्रामीणों ने इस मामले में प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए नई बाउंड्री वॉल के निर्माण की मांग की है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी अजीत पाल ने बताया कि विभाग मामले से अवगत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बाउंड्री वॉल के पुनर्निर्माण के लिए ग्राम पंचायत निधि से प्रस्ताव तैयार कर भेजा जा रहा है। जैसे ही शासन से धनराशि स्वीकृत होगी, प्राथमिकता के आधार पर विद्यालय की नई बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। फिलहाल, विद्यालय प्रबंधन सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की कोशिश कर रहा है।