पुरा कैथी में प्राचीन मंदिर पर गिरा विशाल पीपल का पेड़, शिव-हनुमान मंदिर पूरी तरह क्षतिग्रस्त
चंदौली के पुरा कैथी गांव में एक बड़ा हादसा हो गया, जहाँ प्राचीन शिव-हनुमान मंदिर पर विशाल पीपल का पेड़ गिर गया। राहत की बात यह रही कि कोई घायल नहीं हुआ। ग्रामीणों ने खुद ही मिलकर सारा मलबा साफ किया।
विशाल पीपल का पेड़ गिरा
शिव और हनुमान मंदिर ध्वस्त
ग्रामीणों ने किया खुद श्रमदान
हादसे में कोई जनहानि नहीं
पुनर्निर्माण के लिए सहयोग की मांग
चंदौली जिले के चहनिया ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा पूरा कैथी से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहाँ गांव की धार्मिक आस्था का मुख्य केंद्र माना जाने वाला प्राचीन शिव और हनुमान मंदिर एक भारी हादसे का शिकार हो गया। मंदिर के ऊपर अचानक पीपल का एक विशालकाय वृक्ष गिर पड़ा, जिससे यह पवित्र स्थान पूरी तरह से टूटकर मलबे में तब्दील हो गया।
पूर्वजों द्वारा स्थापित था पावन धाम
यह ऐतिहासिक मंदिर गांव के शिवपूजन पाल और तेज बहादुर पाल के घर के ठीक सामने स्थित था। वर्षों पूर्व ग्रामीणों के पूर्वजों ने आपस में सहयोग कर इसका निर्माण बड़े ही श्रद्धा भाव से कराया था। कुछ महीने पहले अचानक पीपल का यह भारी-भरकम पेड़ मंदिर के ऊपर धराशायी हो गया। ईश्वर की कृपा रही कि इस घटना के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
ग्रामीणों ने खुद उठाया मलबा, पेश की एकता की मिसाल
इस अप्रिय घटना से पूरे पुरा कैथी गांव के लोगों में गहरा दुख फैल गया। लेकिन मायूस होने के बजाय ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाई। गांव के लोग फावड़ा और जरूरी सामान लेकर मौके पर पहुंचे और भारी श्रमदान कर विशाल पीपल के पेड़ की टहनियों और मंदिर के मलबे को खुद अपने हाथों से हटाकर साफ किया। अब ग्रामीणों ने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से इस मंदिर के दोबारा निर्माण के लिए मदद की गुहार लगाई है।
श्रमदान में इन ग्रामीणों का रहा अहम योगदान
गांव के इस पुनीत कार्य में विपिन सिंह, सियाराम पाल, रविकांत विश्वकर्मा, शशिकांत विश्वकर्मा, शिवानंद विश्वकर्मा, चंद्रभूषण प्रजापति, सतीश कन्नौजिया, प्रमोद कन्नौजिया, अजय प्रजापति, आर्यन प्रजापति, आदर्श कन्नौजिया, विकास पासवान, पिंटू तिवारी, प्रिंस तिवारी और तेतरा देवी सहित बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने मिलकर अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।