कौन बनवाएगा शहीद गुलाब यादव के सम्मान में बने स्मारक को जोड़ने वाली सड़क, जर्जर हालत पर दिख रही नाराजगी
स्मारक गेट का निर्माण करके सड़क बनाना भूले
बरसात में कीचड़ भरी राह से बढ़ती मुश्किलें
शहीद के सम्मान में सड़क निर्माण की आवश्यकता
ग्राम प्रधान ने जताई नाराजगी
चंदौली जिले के बरहनी विकास खंड के गोपालपुर गांव निवासी और देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सपूत हवलदार गुलाब यादव के नाम पर भले ही स्मारक गेट का निर्माण हुआ हो, लेकिन आज भी उस तक पहुंचने वाली सड़क बदहाल स्थिति में है।
गांव के लोग बताते हैं कि बरसात के दिनों में स्मारक तक पहुंचना बेहद कठिन हो जाता है। टूटी-फूटी ईंटों का खरंजा और कीचड़ से भरी राह, शहीद के सम्मान को ठेस पहुंचाती है।
बताते चलें कि हवलदार गुलाब यादव सीआरपीएफ की 205 कोबरा बटालियन में तैनात थे। उनका जन्म 2 फरवरी 1974 को हुआ था। 24 फरवरी 2015 को बिहार के गया जिले के डुमरियागंज क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंग विस्फोट में वे शहीद हो गए थे।
उनकी शहादत को चिरस्थायी बनाने के लिए जिला पंचायत द्वारा गोपालपुर गांव के प्रवेश द्वार पर भव्य स्मारक गेट का निर्माण कराया गया, मगर स्मारक तक जाने वाली लगभग 400 मीटर सड़क अब भी उपेक्षा का शिकार है।
ग्राम प्रधान सत्येंद्र यादव ने बताया कि चिलबिली–कमालपुर मार्ग से जुड़ने वाली यह सड़क वर्षों से जर्जर हालत में है। शहीद के सम्मान में इसका निर्माण बेहद जरूरी है।
इस मामले में जिला पंचायत अधिकारी अमित राज सिंह ने कहा कि सड़क की स्थिति को लेकर जानकारी मिली है। विभागीय अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए जाएंगे और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।