सकलडीहा SDM की ग्रामीणों संग मीटिंग, पर्याप्त मुआवजा न मिलने पर ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

 

चंदौली के कचमन में रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एसडीएम आकांक्षा सिंह ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर 4 गुना मुआवजा देने का दावा किया, वहीं ग्रामीणों ने बाजार दर की मांग की है।

 
 

सकलडीहा एसडीएम ने की ग्रामीणों संग बैठक

कचमन रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की तैयारी तेज़

प्रभावित मकानों का होगा भूमि अधिग्रहण

प्रभावित परिवारों को मिलेगा चार गुना मुआवजा

बाजार दर की मांग को लेकर अड़े ग्रामीण

चंदौली जिले के सकलडीहा तहसील में तैनात एसडीएम आकांक्षा सिंह ने रविवार को कचमन गांव के पास स्थानीय ग्रामीणों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक रेलवे लाइन के ऊपर बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण और इससे प्रभावित होने वाले लोगों के भूमि अधिग्रहण को लेकर आयोजित की गई थी।

सड़क के दोनों ओर समानांतर बनेंगे दो आरओबी
एसडीएम आकांक्षा सिंह ने बताया कि सड़क के बीचो-बीच समानांतर दो आरओबी का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए सड़क के दोनों ओर भूमि अधिग्रहण किया जाना है। इस प्रक्रिया के तहत सड़क के दोनों ओर आने वाले मकानों का अधिग्रहण कर उन्हें ध्वस्त किया जाएगा। तहसील, रेलवे और कार्यदायी संस्था के अधिकारी आपस में तालमेल बनाकर इस कार्य को पूरा करेंगे।

प्रभावित परिवारों को मिलेगा चार गुना मुआवजा
बैठक में एसडीएम ने दावा किया कि रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में प्रभावित होने वाले सभी परिवारों को सरकार की योजना के अनुसार चार गुना मुआवजा दिया जाएगा और इस पूरी प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह स्थानीय नागरिकों के साथ तालमेल बिठाने के लिए पहली बैठक थी और ग्रामीणों के साथ बातचीत ठीक रही है।

ग्रामीणों ने बाजार दर पर मांगा मुआवजा
बैठक के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने मांग रखी कि उनके मकान और जमीन का मूल्यांकन वर्तमान बाजार दर के आधार पर किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सड़क के दोनों ओर बराबर भूमि अधिग्रहित करने का प्रस्ताव भी रखा। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे अधिग्रहण की कार्रवाई में सहयोग नहीं करेंगे और अपने हक के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों के प्रस्तावों पर उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की चर्चा की जाएगी।