सैयदराजा विधानसभा में विकास कार्यों की झड़ी: विधायक ने 88.22 लाख की सड़क का किया शिलान्यास, वाचनालय का भी लोकार्पण
सैयदराजा विधानसभा में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। विधायक ने धानापुर ब्लॉक में 88.22 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 2 किलोमीटर नई सड़क का शिलान्यास और एक आधुनिक वाचनालय भवन का लोकार्पण किया है।
सैयदराजा में विकास कार्यों पर जोर
आवाजापुर से विशुनपुर तक नई सड़क
वाचनालय भवन का हुआ भव्य लोकार्पण
कुल 88.22 लाख की मिली सौगात
विधानसभा चुनाव 2027 की दिखी आहट
चंदौली जिले की सैयदराजा विधानसभा सीट पर इन दिनों विकास कार्यों की धूम मची हुई है। सूबे में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच क्षेत्रीय विधायक लगातार नए-नए शिलान्यास और लोकार्पण कर रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय पूर्वांचल विकास निधि योजना वर्ष 2025-26 के तहत विकास खंड धानापुर को एक बड़ी सौगात मिली है। विधायक ने क्षेत्र के डेढ़ावल-धानापुर मुख्य मार्ग पर स्थित आवाजापुर ब्रह्म बाबा से विशुनपुर कलाँ तक बनने वाली 2 किलोमीटर लंबी नई सड़क के निर्माण कार्य का विधि-विधान से शिलान्यास किया।
88.22 लाख की लागत से संवरेगी ग्रामीण सड़क
इस पूरी सड़क परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 88.22 लाख रुपये है। नई सड़क बनने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को कीचड़ और गड्ढों से मुक्ति मिलेगी और उनका आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा। सड़क के शिलान्यास के साथ ही विधायक ने ग्राम विशुनपुर कलाँ का भी दौरा किया। यहाँ उन्होंने सार्वजनिक स्थल पर बनकर तैयार हुए आधुनिक वाचनालय भवन का फीता काटकर भव्य लोकार्पण किया और इसे स्थानीय युवाओं व क्षेत्र की जनता को समर्पित कर दिया।
शिक्षा और सामाजिक विकास को मिलेगी नई गति
विधायक ने कहा कि 'बढ़ता, संवरता सैयदराजा — हर गाँव तक विकास, हर जन तक विश्वास' के नारे के साथ यह परियोजना क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी, शिक्षा और सामाजिक विकास को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी। इस वाचनालय के खुलने से गांव के छात्रों को पढ़ाई के लिए एक बेहतर माहौल मिल सकेगा। जनहित, सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।