आज सकलडीहा में 50 जोड़ों का मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, कल बरहनी में भी होगी शादी

चंदौली के सकलडीहा में आज 50 जोड़े मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत परिणय सूत्र में बंधेंगे। कल बरहनी ब्लॉक में भी 50 शादियां होंगी। योजना को पारदर्शी बनाने के लिए बायोमेट्रिक और फेस अटेंडेंस अनिवार्य की गई है।
 

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन


सकलडीहा में 50 गरीब जोड़े आज होंगे शामिल


बरहनी ब्लॉक में कल सामूहिक विवाह कराने की तैयारी


बायोमेट्रिक फेस अटेंडेंस अनिवार्य करने का फरमान


योजना को पारदर्शी बनाने की पहल पर तेजी से काम

चंदौली जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है। इस योजना के तहत सकलडीहा और बरहनी विकासखंड में सामूहिक विवाह समारोहों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सकलडीहा विकासखंड में शुक्रवार को तेंदुईपुर स्थित एक लॉन में भव्य आयोजन हो रहा है, जिसमें 50 जोड़े शादी के पवित्र बंधन में बंधेंगे।

सकलडीहा में 50 जोड़ों का चयन
सकलडीहा में विवाह समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) विजय कुमार सिंह ने बताया कि सामूहिक विवाह के लिए प्राप्त ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का सत्यापन कर लिया गया है। ब्लॉक परिसर में जगह की कमी को देखते हुए समारोह का आयोजन तेंदुईपुर स्थित एक लॉन में किया जा रहा है।

एडीओ समाज कल्याण आशीष कुमार गुप्ता ने बताया कि सकलडीहा ब्लॉक को शादी के लिए कुल 133 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से पहले आए आवेदनों को वरीयता देते हुए जांच की गई, जिसके बाद 50 पात्र जोड़ों का चयन किया गया है।

बरहनी में भी 50 कन्याओं का विवाह
सकलडीहा के बाद, समाज कल्याण विभाग की ओर से 13 दिसंबर को बरहनी ब्लॉक परिसर में भी सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। बरहनी ब्लॉक में भी 50 गरीब कन्याओं का विवाह संपन्न कराया जाएगा, जिसके लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

पारदर्शिता के लिए नई तकनीक
सामूहिक विवाह योजना को पूरी तरह पारदर्शी और फर्जीवाड़ा रहित बनाने के लिए बरहनी ब्लॉक में एक नई व्यवस्था लागू की गई है। बरहनी ब्लॉक के एडीओ समाज कल्याण अधिकारी सुरेंद्र कुमार बिंद ने बताया कि विवाह आयोजन स्थल पर फेरों से पहले पंजीकृत जोड़ों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक हाजिरी के साथ ही फेस अटेंडेंस (चेहरा प्रमाणीकरण) भी ली जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस नई व्यवस्था के लिए आवेदकों का आधार कार्ड अपडेट होना अत्यंत जरूरी है। जिन आवेदकों के आधार कार्ड में पुरानी या अस्पष्ट फोटो होगी, उन्हें प्रमाणीकरण में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एडीओ ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपने आधार कार्ड को तुरंत अपडेट करा लें।